नवादा में प्रदर्शन से पहले प्रशासन की पहल, भीम आर्मी व विभिन्न संगठनों के साथ डीएम ने की बैठक

Author Bablu kumar|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन
फ़ोटो कैप्शन-बैठक करते पदाधिकारी गण | Prabhat Khabar Network

बैठक करते पदाधिकारी गण | Prabhat Khabar Network

नवादा में आगामी प्रदर्शनों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने भीम आर्मी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. बैठक में सुरक्षा तैयारियों और निर्धारित मार्गों की भी जानकारी दी गई.

विज्ञापन

Nawada News : नवादा में संभावित प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में भीम आर्मी, विभिन्न फिजिकल अकादमियों तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखना तथा सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था.

शांतिपूर्ण प्रदर्शन और कानून पालन की अपील

बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने संगठन के सदस्यों को शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़ अथवा सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी. सभी से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया.

निर्धारित रूट और सुरक्षा व्यवस्था की दी जानकारी

जिला पदाधिकारी ने प्रदर्शन के लिए निर्धारित रूट, यातायात व्यवस्था तथा प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने सदस्यों को प्रशासनिक निर्देशों और तय मार्ग की जानकारी दें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

संगठनों ने प्रशासन को दिया सहयोग का भरोसा

बैठक में उपस्थित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अपने सदस्यों को शांति, अनुशासन और कानून के दायरे में रहकर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगे तथा जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (मुख्यालय) सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Bablu Kumar

लेखक के बारे में

By Bablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन