नवादा: चितरकोली जांच चौकी पर कार्रवाई, अवैध खनन में चार गिट्टी लदे ट्रक जब्त, 52 लाख का जुर्माना

एसडीओ के साथ खनन निरीक्षक व जब्त ट्रक | Prabhat Khabar Network
नवादा जिले के रजौली में जिला प्रशासन ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. इस अभियान में 4 गिट्टी लदे ट्रकों को जब्त किया गया है और 52 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है.
Nawada News : नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली समेकित जांच चौकी पर जिला प्रशासन ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. बीती रात जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय और रजौली अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन के नेतृत्व में चलाए गए औचक छापेमारी अभियान से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया.
एक ही ई-चालान पर हो रहा था कई बार परिवहन
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन एवं परिवहन की लगातार मिल रही गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. जांच के दौरान कोडरमा की ओर से आ रहे गिट्टी लदे चार वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया. चालक अंधेरे और स्थानीय भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया.
भौतिक जांच में पाया गया कि वाहन संख्या जेएच12ई9990, जेएच12पी1864, जेएच02बीडब्ल्यू8119 और बीआर27जीबी8136 के चालक एवं मालिक मध्य प्रदेश के ई-खनिज पोर्टल से जारी एक ही ई-चालान और अंतरराज्यीय ट्रांजिट पास का उपयोग कर अवैध रूप से एक से अधिक बार खनिज का परिवहन कर रहे थे. इसकी पुष्टि करिगवां टोल प्लाजा की आवागमन रिपोर्ट से भी हुई.
कोयला लदा वाहन भी किया गया जब्त
कार्रवाई के दौरान बिना वैध दस्तावेज के पकड़े गए कोयला लदे वाहन जेएच09बीई5396 को भी जब्त किया गया. इस वाहन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा.
52 लाख का जुर्माना, एफआईआर दर्ज
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर गिट्टी लदे चारों वाहनों और उनमें लदे खनिज के एवज में करीब 52 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. सभी संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध बिहार खनिज नियमावली एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










