नवादा में क्लब फुट से पीड़ित बच्चों के लिए नई उम्मीद, सदर अस्पताल में शुरू हुआ नि:शुल्क उपचार
इलाजरत शिवांश की तस्वीर
Nawada News : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत नवादा में जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैर वाले बच्चों का नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है. शिवांश को मिली नई उम्मीद.
Nawada News : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैरों यानी क्लब फुट की समस्या के साथ जन्म लेने वाले बच्चों के उपचार की पहल की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से ऐसे बच्चों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को सदर अस्पताल में अकबरपुर प्रखंड के एक बच्चे का उपचार किया गया.
बक्संडा गांव के शिवांश का किया गया उपचार
आरबीएसके जिला समन्वयक डॉ. रश्मि कुमारी ने बताया कि गुरुवार को अकबरपुर प्रखंड के बक्संडा गांव निवासी शिवांश का सदर अस्पताल में उपचार किया गया. शिवांश के पिता का नाम विकास कुमार और माता का नाम प्रीति कुमारी है. बच्चे के जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैरों की समस्या का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख में शुरू किया गया है.
डॉ. संतोष कुमार की देखरेख में की गयी पैर की कास्टिंग
डॉ. संतोष कुमार की देखरेख में शिवांश का इलाज किया गया और उसके पैर की कास्टिंग की गयी. चिकित्सक की निगरानी में आगे भी बच्चे का उपचार जारी रहेगा. आवश्यकता पड़ने पर बेहतर और उन्नत उपचार के लिए बच्चे को पटना स्थित हायर सेंटर भी भेजा जा सकता है.
Also Read : पृथ्वीराज चौहान स्मृति भवन पहुंचे एमएलसी संजय कुमार सिंह, प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
सरकार वहन करेगी उपचार का पूरा खर्च
स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्लब फुट से पीड़ित बच्चों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है. इलाज से संबंधित खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार आवश्यकता के आधार पर बच्चे को आगे भी जरूरी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उसे बेहतर जीवन जीने का अवसर मिल सके.
अनुष्का फाउंडेशन निभा रही अहम भूमिका
स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी अनुष्का फाउंडेशन जन्मजात क्लब फुट समेत अन्य दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों की पहचान और उनके उपचार में सहयोग कर रही है. प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव महेश विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में जन्मजात दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों को बेहतर उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संस्था स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम कर रही है.
आरबीएसके के तहत बच्चों को मिल रही उपचार की सुविधा
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में जन्मजात बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनके उपचार की व्यवस्था की जाती है. स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से क्लब फुट जैसी समस्या से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है.
Also Read : औरंगाबाद के ओबरा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, विद्युत कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









