नवादा में जमीन के टुकड़े, मारपीट व छेड़छाड़ मामले का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Updated:
विज्ञापन

थाना परिसर से जेल जाता गिरफ्तार युवक

Nawada News : रजौली के गंगाबीघा गांव में मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी रम्भु कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

विज्ञापन

Nawada News : रजौली थाना पुलिस ने बीते 26 जुलाई को गंगाबीघा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई करते हुए एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगाबीघा गांव निवासी किशोरी यादव के पुत्र रम्भु कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में नवादा जेल भेज दिया.

26 जुलाई को जमीन विवाद में हुई थी मारपीट

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे गंगाबीघा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. इस संबंध में पीड़िता गायत्री देवी ने रजौली थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पीड़िता के अनुसार, उनके ससुर कैलेश्वर यादव खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान गांव के ही 12 लोग लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से लैस होकर वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया. आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए कैलेश्वर यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी.

Also Read : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रजौली में परेड का पूर्वाभ्यास पूरा, 12 विद्यालयों के 200 से अधिक बच्चे हुए शामिल

लोहे की रॉड से सिर पर वार करने का आरोप

पीड़िता के आवेदन में आरोप लगाया गया कि मारपीट के दौरान लोहे की रॉड से कैलेश्वर यादव के सिर पर वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए. उन्हें बचाने के लिए जब उनकी बहू गायत्री देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. गायत्री देवी ने आरोप लगाया कि एक आरोपी ने उनका गला दबाया और गले में पहनी चांदी की ताबीज छीन ली. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी वहां से फरार हो गए.

112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई. इसके बाद पुलिस ने घायल कैलेश्वर यादव और गायत्री देवी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, रजौली में भर्ती कराया. कैलेश्वर यादव की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, नवादा रेफर किया गया था.

Also Read : नवादा में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, दफनाए शव को निकलवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

गुप्त सूचना पर हुई आरोपी की गिरफ्तारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर रजौली थाना कांड संख्या 397/26 दर्ज कर मामले का अनुसंधान शुरू किया गया. मामले में नामजद 12 आरोपियों में से रम्भु कुमार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को आरोपी की मेडिकल जांच कराई गई, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में नवादा जेल भेज दिया गया.

एक अन्य नामजद आरोपी भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार, इस मामले में बीते बुधवार को एक अन्य नामजद अभियुक्त अखिलेश यादव, पिता किशोरी यादव को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

Also Read : नवादा में क्लब फुट से पीड़ित बच्चों के लिए नई उम्मीद, सदर अस्पताल में शुरू हुआ नि: शुल्क उपचार


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन