नवादा के शिक्षकों का फूटा गुस्सा, प्रोन्नति, वेतन और सेवा पुस्तिका की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Updated:
विज्ञापन
जिला शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन देते संघ के अध्यक्ष व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

जिला शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन देते संघ के अध्यक्ष व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

फ़ोटोकैप्शन-सीओ कार्यालय के पास लगी फरियादियो की भीड़

विज्ञापन

नवादा. बिहार अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा. संघ का आरोप है कि विभागीय आदेश जारी होने के बावजूद प्रोन्नति, वेतन संरक्षण, सेवा पुस्तिका संधारण और बकाया भुगतान जैसे मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है.

प्रोन्नति और वेतन संरक्षण का नहीं मिला लाभ

संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश नाथ पासवान ने बताया कि बिहार पंचायत प्रारंभिक शिक्षक सेवा नियमावली 2020 के तहत 12 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने वाले नियोजित और विशिष्ट शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति देने का प्रावधान है. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन जिले के किसी भी प्रखंड में अब तक प्रोन्नति की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि वेतन संरक्षण संबंधी आदेश के बावजूद शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है.

सेवा पुस्तिका के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

संघ ने आरोप लगाया कि टीआरई-1, टीआरई-2 और टीआरई-3 के तहत नियुक्त विद्यालय अध्यापकों की सेवा पुस्तिका खोलने का आदेश जारी होने के बाद भी अधिकांश प्रखंडों में यह कार्य लंबित है. कुछ स्थानों पर सेवा पुस्तिका संधारण के नाम पर शिक्षकों से अवैध राशि मांगने और राशि नहीं देने पर फाइल लंबित रखने का भी आरोप लगाया गया है. इससे शिक्षकों का मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है.

जिला मुख्यालय में कैंप लगाकर सेवा पुस्तिका संधारण की मांग

संघ ने मांग की कि सभी शिक्षकों की सेवा पुस्तिका का संधारण जिला मुख्यालय में प्रखंडवार विशेष कैंप लगाकर कराया जाए. इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. संघ ने बताया कि पहले भी इसी तरह कैंप लगाकर यह कार्य कराया जाता रहा है.

बकाया वेतन भुगतान की भी उठाई मांग

जिला सचिव अजय कुमार ने कहा कि विशिष्ट शिक्षक से प्रधान शिक्षक और प्रधानाध्यापक बने शिक्षकों का बकाया वेतन अब तक नहीं मिला है. उन्होंने नियोजित शिक्षकों के लंबित वेतन, एमएसीपी और अन्य लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की. साथ ही नियमित शिक्षकों की सेवा पुस्तिका भविष्य निधि कार्यालय भेजने की भी मांग उठाई.

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

संघ ने जिला प्रशासन से शिक्षकों की सभी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो शिक्षकों के हित में आंदोलन की रणनीति अपनाई जाएगी.


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन