नवादा में 8 साल की बच्ची की अपहरण के बाद दरिंदगी और हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

प्रेस वार्ता करके जानकारी देते एसपी
नवादा में आठ वर्षीय बच्ची के अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। एक आरोपी गिरफ्तार, स्पीडी ट्रायल से मिलेगी कठोर सजा।
Nawada News : बिहार के नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के ढेवधा गांव में एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण, यौन उत्पीड़न और उसके बाद हत्या की बेहद दिल दहला देने वाली जघन्य घटना सामने आई है. हालांकि, नवादा पुलिस ने बेहद तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर ही इस ब्लाइंड कांड का पूरी तरह खुलासा कर दिया है. मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि इस घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
एसपी ने सख्त आदेश
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मजबूत चार्जशीट दाखिल करेगी, ताकि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जा सके. इस अमानवीय घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है और गांव में भारी मातम व आक्रोश का माहौल है.
भाई ने दी थी सबसे पहले बच्ची के गायब होने की सूचना
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि 27 जुलाई की शाम को मृतका के भाई ने सबसे पहले उसके घर से गायब होने की सूचना दी थी. परिजनों ने पुलिस को बताया था कि बच्ची घर के पास स्थित एक दुकान पर पेन खरीदने के लिए गई थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने किसी बच्ची के 'बचाओ-बचाओ' जैसी डरावनी आवाज सुनने की बात कही. जब परिजन तत्काल दौड़कर उस दिशा में पहुंचे, तो बच्ची वहां नहीं मिली. इसके बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने आशंका जताई कि किसी वाहन से उसका अपहरण कर लिया गया है. परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर पकरीबरावां थाना में कांड संख्या-336/26 दर्ज कर तुरंत अनुसंधान शुरू किया गया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने किया एसआईटी का गठन
मामले की अत्यधिक संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने उसी रात एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया. इस विशेष टीम में पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार और थानाध्यक्ष रंजन चौधरी को बच्ची की सकुशल बरामदगी और अपराधियों की धरपकड़ का जिम्मा सौंपा गया. एसआईटी में स्थानीय पुलिस, तकनीकी शाखा और अन्य अनुभवी अधिकारियों को शामिल किया गया.
पूरी रात घेराबंदी कर हुई सघन तलाशी
पुलिस ने पूरी रात कई इलाकों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया. गांव, खेत, बगीचे, सुनसान स्थानों और संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई. जिलेभर में वाहनों की चेकिंग की गई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन रातभर बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका.
अगली सुबह बधार से मिला मासूम का अर्धनग्न शव
अगली सुबह करीब आठ बजे के आसपास यह दर्दनाक सूचना मिली कि ढेवधा कॉलेज के समीप स्थित बधार (खेत) में एक बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस बल, एफएसएल (FSL) की टीम और वरीय अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने शव की पहचान लापता मासूम के रूप में की. घटनास्थल का खौफनाक मंजर देखकर वहां मौजूद हर शख्स की रूह कांप गई और आंखें नम हो गईं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया.
पेन और चप्पल बनी पुलिस के लिए जांच की पहली मजबूत कड़ी
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्ते में ही बच्ची का पेन और चप्पल बरामद हुआ था. इन भौतिक साक्ष्यों ने पुलिस को जांच की सही दिशा तय करने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. एफएसएल टीम ने मौके से मिट्टी, कपड़े और अन्य जरूरी साक्ष्य एकत्र कर सुरक्षित किए. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा परीक्षण कराया गया.
स्थानीय व्यक्ति के एंगल पर फोकस कर आगे बढ़ी जांच
एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि शव घर से मात्र लगभग 500 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ था, जिससे शुरुआती तौर पर ही जांच टीम को यह संदेह हो गया था कि इस वारदात को किसी ऐसे ही स्थानीय व्यक्ति ने अंजाम दिया है, जिसे आसपास की भौगोलिक स्थिति की पूरी जानकारी थी. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय संदिग्धों पर अपना फोकस पूरी तरह केंद्रित कर दिया और पूछताछ शुरू की. तकनीकी इनपुट, ह्यूमन इंटेलिजेंस और वैज्ञानिक साक्ष्यों का आपस में मिलान किया गया.
पूछताछ और मोबाइल में मिले पोर्न वीडियो से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की. इसी क्रम में लखनपुरा गांव निवासी रघुनंदन मांझी उर्फ तेतयी मांझी (पिता- वितन मांझी, उम्र 22 वर्ष) की गतिविधियां बेहद संदिग्ध पाई गईं. उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर उसमें कई पोर्न वीडियो पाए गए, जिसके बाद युवक को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाने और उसके बाद इस जघन्य अपराध को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी की स्वीकारोक्ति के साथ-साथ पूरे मामले को वैज्ञानिक साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट से भी पूरी तरह पुष्ट किया जाएगा.
आरोपी ने कबूला जुर्म, कुछ महीने पहले ही लौटा था बेंगलुरु से
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ महीने पहले ही बेंगलुरु से अपने घर लौटा था, जहां वह रहकर बाहर मजदूरी और काम करता था. गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसे कुछ शारीरिक बीमारी हो गई थी, जिसके कारण वह घर वापस आया था और फिर उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे डाला.
एफएसएल और मेडिकल रिपोर्ट होगी सबसे मजबूत कानूनी कड़ी
एसपी अभिनव धीमान ने दोहराया कि पुलिस केवल आरोपी के बयान या स्वीकारोक्ति पर निर्भर नहीं है, बल्कि पूरी तरह वैज्ञानिक जांच पर भरोसा कर रही है. एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल साक्ष्य, घटनास्थल से मिले भौतिक प्रमाण और तकनीकी विश्लेषण को चार्जशीट का मुख्य हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि अदालत में अभियोजन पक्ष बेहद मजबूत रहे. उन्होंने कहा कि अनुसंधान अभी जारी है और यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पांच घंटे तक उबलता रहा ग्रामीणों का गुस्सा और सड़क जाम
मासूम बच्ची का शव मिलने के बाद ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उनका गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर पकरीबरावां-वारिसलीगंज मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. करीब पांच घंटे तक सड़क पर जोरदार प्रदर्शन चलता रहा. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, फांसी जैसी कठोरतम सजा देने और क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने की पुरजोर मांग की.
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
एसपी अभिनव धीमान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नवादा पुलिस इस पूरे मामले को अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ ले रही है. पीड़ित परिवार के संपर्क में लगातार अधिकारी बने हुए हैं और उन्हें हरसंभव ढांढस बंधाया जा रहा है. उन्होंने आश्वस्त किया कि इस जघन्य अपराध में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही नहीं बरती जाएगी. पुख्ता साक्ष्यों के साथ जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषी को कठोरतम सजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










