नवादा के बुधौली इंटर स्कूल में अभिनंदन समारोह,तिलक और पुष्प वर्षा से हुआ नवम वर्ग के छात्रों का स्वागत
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 29 May 2026 3:51 PM
अभिनंदन समारोह के समय छात्र- छात्रा
Nawada News: नवादा के पकरीबरावां स्थित महंत रामधन पुरी इंटर विद्यालय बुधौली में शुक्रवार को नवम वर्ग के नए छात्रों के लिए 'नूतन छात्र अभिनंदन समारोह' आयोजित किया गया. दशम वर्ग के छात्रों ने मुख्य द्वार पर नए विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया. प्रधानाध्यापक डॉ. दिनेश कुमार और शिक्षक डॉ. रंजन आर्य ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और छात्रों को शिक्षा के साथ अनुशासन का महत्व समझाया.
Nawada News (विश्वनाथ कुमार): नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड अंतर्गत बुधौली स्थित महंत रामधन पुरी इंटर विद्यालय में शुक्रवार को एक अनूठी और अनुकरणीय परंपरा देखने को मिली. विद्यालय में नवम (9वें) वर्ग के नए छात्र-छात्राओं के स्वागत में ‘नूतन छात्र अभिनंदन समारोह’ का आयोजन किया गया, जो पूरी तरह उत्साह, उमंग और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ. इस खास आयोजन के चलते विद्यालय परिसर पूरे दिन तालियों की गड़गड़ाहट, मधुर स्वागत गीतों और नए बच्चों की मनमोहक मुस्कान से लगातार गुलजार रहा.
मुख्य द्वार पर स्वागत देख खिले नए बच्चों के चेहरे, सूर्यांश ने गाया स्वागत गीत
इस भव्य अभिनंदन समारोह का सफल नेतृत्व दशम (10वें) वर्ग की क्लास मॉनिटर दिव्या रानी ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर दशम वर्ग के सीनियर छात्र-छात्राओं ने कतारबद्ध होकर नवम वर्ग के नए बच्चों का बकायदा तिलक लगाकर और उन पर फूलों की वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया. सीनियर साथियों से मिले इस अनोखे और सम्मानजनक स्वागत को देखकर नए विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे.
इसके बाद कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. दिनेश कुमार, शिक्षक डॉ. रंजन आर्य एवं शिक्षिका श्वेता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उद्घाटन के तुरंत बाद दशम वर्ग के छात्र सूर्यांश कुमार ने सुरीला स्वागत गान प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भावुक, संगीतमय और प्रेरणादायी बना दिया.
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और आपसी मेलजोल बढ़ाता है ऐसा आयोजन: डॉ. रंजन
समारोह को संबोधित करते हुए प्लस टू शिक्षक डॉ. रंजन आर्य ने इस अनूठी पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस तरह के आयोजनों से नए विद्यार्थियों के मन से झिझक दूर होती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है. यह न केवल सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का माध्यम बनता है, बल्कि उनके आपसी मेलजोल और भाईचारे को भी मजबूत करता है. उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ अनुशासन और उत्कृष्ट नैतिक संस्कारों को अपने जीवन में उतारने की सीख दी.
शिक्षकों और सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से यादगार बना पल
इस गरिमामयी समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक मदन मोहन प्रसाद, अरविंद कुमार, धर्मेंद्र कुमार, विद्यानंद चौरसिया, सुनील कुमार, अजीत कुमार, धीरज कुमार विश्वकर्मा एवं कमलेश कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही.
वहीं, इस पल को हमेशा के लिए यादगार बनाने में नवम वर्ग की मॉनिटर रंजू कुमारी, मुस्कान कुमारी एवं अरविंद कुमार के साथ-साथ दशम वर्ग की छात्रा साधना कुमारी, ललिता कुमारी, मुस्कान कुमारी, वैष्णवी कुमारी, प्रिया कुमारी तथा छात्र मनीष कुमार, युवराज कुमार सहित विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई.
Also Read : बेगूसराय में करंट की चपेट में आए भाई-बहन, हालत गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










