नवादा में महीनों से बंद पड़ा नल-जल योजना, महादलित टोले में गहराया पेयजल संकट; भीषण गर्मी में केशौरी में हालात खराब

Updated:
विज्ञापन
केशौरी गांव की महिलाएं जल-नल योजना चालू कराने की मांग को लेकर बीडीओ को सौंपा आवेदन. | Prabhat Khabar Network

केशौरी गांव की महिलाएं जल-नल योजना चालू कराने की मांग को लेकर बीडीओ को सौंपा आवेदन

पकरीबरावां प्रखंड के केशौरी गांव में जल-नल योजना बंद होने से महादलित टोले में पेयजल संकट गहरा गया है. भीषण गर्मी में पीने के पानी के लिए ग्रामीण परेशान हैं और अन्य वार्डों पर निर्भर हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है.

विज्ञापन

Nawada Nal Jal Yojana : पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र की पोकसी पंचायत के केशौरी गांव स्थित वार्ड संख्या-10 के महादलित टोले में भीषण गर्मी के बीच जल-नल योजना बंद होने से पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूसरे वार्डों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

पानी के लिए भटकने को मजबूर ग्रामीण

स्थानीय महिलाओं रेखा देवी, कुसुम देवी, उषा देवी, सिया देवी, चंपा देवी और शकुंतला देवी ने बताया कि जल-नल योजना लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे घरों तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है. भीषण गर्मी में पानी के लिए रोजाना दूसरे वार्डों में जाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है. इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है.

Nawada News : वार्ड अध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने वार्ड अध्यक्ष राजू साव पर उदासीनता का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है, जिससे स्थिति जस की तस बनी हुई है.

चापाकल नहीं, बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार महादलित टोले में एक भी सरकारी चापाकल नहीं है. ऐसे में जल-नल योजना ही पेयजल का एकमात्र सहारा थी. उसके बंद होने से लोगों को सुबह-शाम पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

बीडीओ से लगाई गुहार

समस्या के समाधान को लेकर महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार से मुलाकात की. उन्होंने पेयजल संकट की पूरी जानकारी देते हुए जल्द समाधान की मांग की.

जांच और कार्रवाई का आश्वासन

बीडीओ डॉ. मृत्युंजय कुमार ने शिकायत सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र जल-नल योजना को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को नियमित पेयजल मिल सके.

चापाकल लगाने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल-नल योजना को जल्द चालू कराने के साथ-साथ महादलित टोले में एक-दो सरकारी चापाकलों की भी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके. उनका कहना है कि गर्मी में पानी जैसी मूलभूत जरूरत की अनदेखी गंभीर समस्या बन सकती है.


विज्ञापन
Vishwanath Kumar

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन