वारिसलीगंज सशक्त स्थायी समिति चुनाव में मुख्य पार्षद का दबदबा कायम, दो जीते, एक निर्विरोध निर्वाचित

Updated:
विज्ञापन
न्यूज

चुनाव संपन्न होने के बाद प्रत्याशी

Nawada News: नगर परिषद वारिसलीगंज की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में चुनाव संपन्न हुआ. कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच हुए इस चुनाव में मुख्य पार्षद खेमे का पूरी तरह से दबदबा कायम रहा, जहां तीन पार्षदों ने समिति के सदस्य के रूप में जीत दर्ज की.

विज्ञापन

Nawada News (विपिन कुमार): नगर परिषद वारिसलीगंज का कामकाज बेहतर तरीके से चलाने के लिए सशक्त स्थायी समिति का चुनाव शुक्रवार को पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच संपन्न कराया गया. निर्वाची पदाधिकारी सह डीडीसी नीलीमा साहु, एसडीएम सह सहायक निर्वाची अमित अनुराग और वरीय उपसमाहर्ता मनोज चौधरी की उपस्थिति में सर्वप्रथम नामांकन दाखिल कराया गया. नामांकन के बाद स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी की गई और फिर विशेष सुरक्षा के बीच आगे की चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई.

विभा कुमारी निर्विरोध चुनी गईं

निर्वाची पदाधिकारी नीलीमा साहु ने बताया कि नामांकन दाखिल करने वालों में एक पक्ष से वार्ड संख्या-03 की पार्षद विभा कुमारी, वार्ड संख्या-13 की रीता देवी व वार्ड संख्या-22 के राजा मांझी शामिल थे. वहीं दूसरे पक्ष से वार्ड संख्या-02 के श्वेतांक कुमार उर्फ टोनी एवं वार्ड संख्या-24 की मीना देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया था. वार्ड संख्या-03 की पार्षद विभा कुमारी के विरुद्ध किसी अन्य पार्षद ने पर्चा दाखिल नहीं किया, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया. जबकि शेष चार उम्मीदवारों के बीच दो सीटों के लिए मतदान कराया गया.

रीता देवी और राजा मांझी भारी मतों से जीते

मतदान के बाद कराई गई मतगणना में मुख्य पार्षद पक्ष के उम्मीदवारों ने भारी मतों से जीत हासिल की. चुनाव में रीता देवी को 18 मत व उनके प्रतिद्वंद्वी श्वेतांक कुमार को महज 07 वोट मिले. इस तरह रीता देवी 11 मतों से विजयी रहीं. वहीं राजा मांझी को 19 मत व मीना देवी को 06 वोट मिले, जिससे राजा मांझी 13 वोटों के अंतर से निर्वाचित घोषित किए गए. चुनाव संपन्न होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने सभी विजयी पार्षदों को प्रमाण पत्र सौंपा और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. चुनाव परिणाम आते ही और मतदान केंद्र से बाहर निकलते ही मुख्य पार्षद खेमे में जश्न का माहौल हो गया तथा समर्थकों ने विजयी उम्मीदवारों को फूलों की माला से लाद दिया.

Also Read: दिल्ली दौरे से लौटे CM सम्राट चौधरी, पटना पहुंचते ही नीतीश कुमार से की मुलाकात, जानिए क्या हुई बातचीत

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन