पकरीबरावां में पीडीएस डीलरों की बैठक, 5200 नए राशन कार्ड बनाने का मिला लक्ष्य

Updated:
विज्ञापन
पकरीबरावां प्रखंड में 5200 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, पात्र परिवारों की पहचान कर जल्द आवेदन कराने का निर्देश

Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड को 5200 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है। बैठक में पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। खाद्यान्न वितरण में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

विज्ञापन

Nawada News : प्रखंड कार्यालय में शनिवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अलका कुमारी की अध्यक्षता में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में नए राशन कार्ड बनाने, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

5200 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, पात्र परिवारों की पहचान के निर्देश

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अलका कुमारी ने बताया कि पकरीबरावां प्रखंड को लगभग 5,200 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला है. उन्होंने कहा कि कई पात्र परिवार अब भी राशन कार्ड से वंचित हैं. ऐसे परिवारों की पहचान कर उनका आवेदन भरवाना और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर जमा कराना सभी पीडीएस डीलरों की जिम्मेदारी होगी. उन्होंने सभी डीलरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत और वार्ड क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दें. साथ ही आवेदन पत्रों में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, ताकि कार्ड बनने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो.

खाद्यान्न उठाव में हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठा

बैठक के दौरान कई पीडीएस दुकानदारों ने प्रखंड गोदाम से खाद्यान्न उठाव में हो रही समस्याओं को भी उठाया. डीलरों ने शिकायत की कि गोदाम प्रबंधक नरेंद्र कुमार द्वारा समय पर अनाज उपलब्ध नहीं कराए जाने और मनमानी किए जाने से वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है. इसके कारण लाभुकों को भी समय पर राशन नहीं मिल पाता है.

गोदाम प्रबंधक को समय पर अनाज उपलब्ध कराने का निर्देश

शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदाम प्रबंधक नरेंद्र कुमार को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जनवितरण दुकानदारों को निर्धारित समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि गोदाम से अनाज का उठाव और दुकानों तक आपूर्ति पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए. सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अभियान की होगी नियमित समीक्षा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक में निर्णय लिया गया कि नए राशन कार्ड निर्माण अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी. लक्ष्य पूरा करने में लापरवाही बरतने वाले संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी डीलरों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की.

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में पीडीएस संगठन के प्रखंड अध्यक्ष नीरज कुमार राकेश, शशिकांत प्रसाद सिंह, भरत पासवान, गुड्डू कुमार, गौतम रजनीश, रंजीत कुमार, उत्तम पासवान, चुन्नू कुमार, सुमित राज सहित प्रखंड के बड़ी संख्या में जनवितरण प्रणाली के दुकानदार उपस्थित रहे. इस दौरान राशन कार्ड निर्माण अभियान की सफलता और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावों पर भी चर्चा की गई.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



विज्ञापन
Vishwanath Kumar

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन