अनिवार्य प्रशिक्षण पर जाएंगे नवादा के चार डीएसपी, प्रतिस्थानी अधिकारियों की हुई तैनाती

Updated:
विज्ञापन
नवादा के चार डीएसपी आज से प्रशिक्षण पर, प्रतिस्थानी अधिकारियों की हुई तैनाती

Nawada News : नवादा के चार डीएसपी अनिवार्य प्रशिक्षण के लिए राजगीर रवाना हुए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में नए प्रतिस्थानी अधिकारियों की तैनाती की गई है।

विज्ञापन

Nawada News : बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर नवादा जिले के चार पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सोमवार, 3 अगस्त से बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में आयोजित अनिवार्य सेवाकालीन प्रशिक्षण-1 में भाग लेने के लिए रवाना होंगे. प्रशिक्षण अवधि के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन प्रभावित न हो, इसके लिए उनके स्थान पर प्रतिस्थानी अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है.

ये अधिकारी होंगे प्रशिक्षण में शामिल

प्रशिक्षण पर जाने वाले अधिकारियों में मुख्यालय डीएसपी नीशु मल्लिक, सदर एसडीपीओ-1 हुलाश कुमार, सदर एसडीपीओ-2 राहुल सिंह तथा रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार शामिल हैं. ये सभी बिहार पुलिस सेवा के 56वीं से 59वीं बैच (2018) के अधिकारी हैं.

प्रतिस्थानी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार डीएसपी पवन कुमार यादव को मुख्यालय डीएसपी, नवादा का दायित्व सौंपा गया है. वहीं डीएसपी अभिषेक कुमार को सदर एसडीपीओ-1, डीएसपी अनीषा राणा को सदर एसडीपीओ-2 तथा नवादा साइबर डीएसपी शाहनवाज अख्तर को रजौली एसडीपीओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. प्रशिक्षण अवधि तक यही अधिकारी संबंधित अनुमंडलों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे.

आधुनिक पुलिसिंग से जुड़े विषयों का मिलेगा प्रशिक्षण

जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर के 112 पुलिस पदाधिकारियों को इस अनिवार्य सेवाकालीन प्रशिक्षण के लिए नामित किया है. बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, साइबर अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता, जांच तकनीक तथा जनसंपर्क जैसे विषयों पर नवीनतम जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है.

प्रशिक्षण के दौरान भी सुचारु रहेगी पुलिस व्यवस्था

पुलिस मुख्यालय का मानना है कि समय-समय पर आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से अधिकारियों की कार्यकुशलता बढ़ती है और बदलते अपराध के स्वरूप से प्रभावी ढंग से निपटने में पुलिस बल अधिक सक्षम बनता है. नवादा में प्रतिस्थानी अधिकारियों की तैनाती के बाद प्रशिक्षण अवधि के दौरान भी जिले की पुलिस व्यवस्था पूर्ववत सुचारु रूप से संचालित होती रहेगी.

Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान



विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन