नवादा: आधी रात घर में घुसकर बदमाशों ने हथियारों से किया हमला, एक ही परिवार के 6 लोग घायल; दुधमुंही बच्ची भी जख्मी

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

नवादा के नारदीगंज में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहाँ घर में घुसकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में एक दुधमुंही बच्ची सहित परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

विज्ञापन

नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र से शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कहुआरा डीह गांव में एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया. घर में घुसकर किए गए इस हमले में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक दुधमुंही बच्ची भी शामिल है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

घटना के बाद सभी घायलों को पहले नारदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया. वहां से भी डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सभी को पावापुरी स्थित विम्स भेज दिया, जहां उनका इलाज जारी है.

शादी से इनकार बना विवाद की वजह

पीड़ित पहलाद कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव की एक युवती, जो रिश्ते में उसकी चचेरी बहन लगती है, उस पर शादी का दबाव बना रही थी. पहलाद के मुताबिक, युवती हर साल रक्षा बंधन पर उसे राखी बांधती थी, इसी कारण उसने विवाह से साफ इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया और अंततः हिंसक घटना में बदल गया.

20 से 30 हमलावरों ने घर में घुसकर किया हमला

परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात युवती उनके घर पहुंची और रोने लगी. कुछ देर बाद 20 से 30 की संख्या में लोग लोहे की रॉड, टांगा और खंती जैसे हथियार लेकर वहां पहुंच गए. आरोप है कि हमलावरों ने पहले मुख्य दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब उसमें सफल नहीं हुए तो पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया.

हमले के दौरान घर का आंगन खून से सन गया और दरवाजों को भी नुकसान पहुंचाया गया. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ लूटपाट भी की और केस वापस लेने की धमकी दी.

छह लोग गंभीर रूप से घायल, कई नामजद आरोपी

इस हमले में भगीरथ प्रसाद, कारी देवी, लक्ष्मण कुमार, श्रवण कुमार, पहलाद कुमार और प्रीति राज घायल हुए हैं. सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है. पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने राजेंद्र प्रसाद, चंदन कुमार, विकास कुमार, छोटू कुमार, मुकेश कुमार, संतोष कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

पुलिस ने शुरू की छापेमारी, गांव में तैनात फोर्स

नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी तरह का तनाव न फैले.

इस पूरी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. एक पारिवारिक विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना कई सवाल खड़े कर रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही जा रही है. आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है.


विज्ञापन
Bablu Kumar

लेखक के बारे में

By Bablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन