12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज, ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन पर जोर

नवादा व्यवहार न्यायालय | Prabhat Khabar Network
नवादा में 12 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज हो गई हैं. जिला विधिक सेवा प्राधिकार ट्रैफिक चालान मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष जोर दे रहा है. आम जनता से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की गई है.
Nawada News : नवादा में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), नवादा ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन तथा सचिव अरविंद कुमार के नेतृत्व में किया गया.
ट्रैफिक चालान मामलों के त्वरित निष्पादन की बनी रणनीति
बैठक में सचिव अरविंद कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. विशेष रूप से ट्रैफिक चालान से जुड़े अधिकाधिक मामलों के निष्पादन पर जोर दिया गया. इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई.
सभी थानों को नोटिस तामिला का निर्देश
बैठक में जिले के सभी थाना अध्यक्षों को संबंधित मामलों में शत-प्रतिशत नोटिस तामिला सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. पक्षकारों तक समय पर नोटिस पहुंचाने के लिए थाना स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के त्वरित निपटारे पर भी चर्चा हुई.
पारा विधिक स्वयंसेवकों की भी रहेगी अहम भूमिका
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के सौहार्दपूर्ण और त्वरित निपटारे के लिए पारा विधिक स्वयंसेवकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है. अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का शीघ्र एवं सरल समाधान कराएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










