नवादा में अवैध निजी अस्पतालों पर प्रशासन का शिकंजा, दो अस्पताल सील, छह से पूछताछ जारी

Updated:
विज्ञापन
प्राइवेट अस्पताल में भर्ती मरीज से बातचीत करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

प्राइवेट अस्पताल में भर्ती मरीज से बातचीत करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

नवादा में जिला प्रशासन ने बिना मानकों और अनुमतियों के संचालित हो रहे निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की है. इस छापेमारी में दो अस्पतालों को सील कर दिया गया और छह लोगों को हिरासत में लिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और अवैध संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

विज्ञापन

Nawada News : वर्षों से बिना मानकों और आवश्यक अनुमतियों के संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और क्लीनिकों पर गुरुवार को जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई की. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर सदर एसडीएम अमित अनुराग के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने शहर के दर्जनों निजी अस्पतालों एवं क्लीनिकों में एक साथ छापेमारी कर लाइसेंस, पंजीकरण, चिकित्सकीय व्यवस्था और स्वास्थ्य मानकों की गहन जांच की. कार्रवाई के दौरान दो अस्पतालों को सील कर दिया गया, जबकि छह लोगों को हिरासत में लिया गया.

दो अस्पताल सील, कई संस्थानों की जांच जारी

जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर आरोग्यम हॉस्पिटल और रवि केयर हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया. इसके अलावा कई अन्य निजी अस्पतालों और क्लीनिकों के दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की गई.

छह लोगों को लिया गया हिरासत में

कार्रवाई के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया. इनमें रविशंकर कुमार (रुस्तमपुर, रोह), पंकज कुमार (राजेंद्र नगर, नवादा), सन्नी कुमार (कादिरगंज), राजकरण कुमार (कुंडा, गोविंदपुर), अजय प्रसाद सिंह (समाय, मुफस्सिल थाना) तथा सुशीला कुमारी (डोभरापर) शामिल हैं. प्रशासन के अनुसार सभी से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अस्पताल संचालकों में मचा हड़कंप

प्रशासन की अचानक कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में अफरा-तफरी मच गई. कई संचालक आवश्यक दस्तावेज जुटाने में लगे रहे, जबकि कुछ अस्पतालों के संचालक प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए. जांच टीम ने घंटों तक अभिलेखों की पड़ताल की.

मरीजों और परिजनों को हुई परेशानी

छापेमारी और सीलिंग की कार्रवाई के दौरान कई अस्पतालों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ा. जांच के कारण कुछ स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित रहीं.

स्वास्थ्य मानकों की भी हुई जांच

संयुक्त टीम ने अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता, स्टाफ, पंजीकरण, दवा भंडारण, चिकित्सा उपकरण, अग्नि सुरक्षा और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की भी जांच की. कई जगह गंभीर कमियां मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की.

अभियान रहेगा जारी : एसडीएम

सदर एसडीएम अमित अनुराग ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा. बिना वैध अनुमति अथवा निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

'मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि'

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. आम लोगों से केवल पंजीकृत और अधिकृत अस्पतालों में ही इलाज कराने की अपील की गई.


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन