नवादा में बेखौफ बदमाश : जमुई जा रहे परिवार की गाड़ी दो बार रोकी, गालियां देकर पीटा और छीनी सोने की चेन

Updated:
विज्ञापन
नवादा में बेखौफ बदमाश : जमुई जा रहे परिवार की गाड़ी दो बार रोकी, गालियां देकर पीटा और छीनी सोने की चेन

जिले के कोआकोल थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गुंडागर्दी और छिनतई की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है.

विज्ञापन

नवादा. जिले के कोआकोल थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गुंडागर्दी और छिनतई की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. रविवार को बीच सड़क पर बदमाशों ने परिवार के साथ सफर कर रही एक महिला की गाड़ी रोककर न सिर्फ जमकर मारपीट की, बल्कि सोने की चेन छीन कर फरार हो गये. इस खौफनाक घटना के बाद पीड़िता ने कोआकोल थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है.

दो बाइकों पर आए आधा दर्जन बदमाश

थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, नवादा के पचम्बा निवासी गुमान राम की पत्नी सिमरन कुमारी रविवार दोपहर अपने परिवार के साथ एक वाहन से जमुई की ओर जा रही थीं. जैसे ही उनकी गाड़ी कोआकोल थाना क्षेत्र के जोशरडीह पेट्रोल पंप के पास पहुंची, पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर आए करीब आधा दर्जन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया. गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं. जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से खींचकर उनके साथ मारपीट और अभद्रता की. बीच सड़क पर हो रहे इस तांडव को देखकर जब राहगीरों ने हस्तक्षेप किया, तब जाकर बदमाश वहां से हटे.

पीछा कर दुबारा किया हमला और छीनी चेन

हालांकि, बदमाशों का दुस्साहस यहीं खत्म नहीं हुआ. उन्होंने परिवार की गाड़ी का पीछा किया और आगे शिकारपुर गांव के पास फिर से उन्हें घेर लिया. यहां बदमाशों ने दोबारा परिवार के साथ मारपीट की और उनके वाहन को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की. पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने उनके पति के गले से सोने की चेन छीन ली. इसके बाद सभी आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.

एक नामजद और अज्ञात पर FIR

पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान गुड़ियाटांड़ (कोआकोल) निवासी सुनील सिंह के बेटे सोनू कुमार के रूप में की है, जबकि अन्य आरोपी अज्ञात बताए गए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोआकोल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है.

रिपोर्ट: आशुतोष कुमार

विज्ञापन
प्रांजल पांडेय

लेखक के बारे में

By प्रांजल पांडेय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन