वारिसलीगंज में चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, 11 मोबाइल और ग्राहक डाटा बरामद
प्रेसवार्ता करते एसडीपीओ
Nawada News : वारिसलीगंज पुलिस ने लोन और होटल बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. भारी मात्रा में मोबाइल और डेटा बरामद.
Nawada News : जिले के पुलिस अधीक्षक अभिनय धीमान के निर्देश पर साइबर अपराध और ठगी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत वारिसलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार को थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने इनके पास से नौ एंड्रॉयड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, दो पन्ने का ग्राहक डाटा और एक बैंक पासबुक बरामद की है.
चकवाय और चैनपुरा में हुई छापेमारी
पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने सोमवार को वारिसलीगंज थाना परिसर में प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के चकवाय गांव में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया. वहीं, चैनपुरा राइस मिल के पास छापेमारी कर तीन अन्य साइबर अपराधियों को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी ठगी के काम में संलिप्त थे.
तीन नामजद आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चकवाय गांव निवासी अर्जुन प्रसाद के पुत्र अजीत कुमार, वारिसलीगंज शहर के कोयरीटोला मोहल्ला निवासी अभिमन्यु प्रसाद के पुत्र शुभम राज और दिनेश प्रसाद के पुत्र महेश कुमार के रूप में हुई है. इनके अलावा एक नाबालिग साइबर अपराधी को भी पुलिस ने पकड़ा है.
Also Read : PHOTOS: 250 किमी दूर से सिपाही के पीछे पहुंची प्रेमिका, फिर जो हुआ तस्वीरों में देखिए..
लोन और होटल बुकिंग के नाम पर करते थे ठगी
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी बजाज, रिलायंस फाइनेंस सहित अन्य कंपनियों से लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे. इसके अलावा होटल और गेस्ट हाउस की बुकिंग के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेकर ठगी किये जाने की बात सामने आयी है. पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने ठगी के मामलों में अपनी-अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
11 मोबाइल और ग्राहक डाटा बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ एंड्रॉयड मोबाइल और दो कीपैड मोबाइल बरामद किये. इसके अलावा दो पन्ने का ग्राहक डाटा और एक बैंक पासबुक भी जब्त की गयी है. पुलिस बरामद सामान के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को भेजा गया जेल
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इसके बाद सोमवार को आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. नाबालिग आरोपी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गयी.
प्रेसवार्ता में पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी के अलावा वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पुलिस अवर निरीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
Also Read : PHOTOS: 250 किमी दूर से सिपाही के पीछे पहुंची प्रेमिका, फिर जो हुआ तस्वीरों में देखिए..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










