नवादा में फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 38 हजार से अधिक किसानों का हुआ पंजीकरण
Updated at : 21 Jan 2026 7:28 PM (IST)
विज्ञापन

NAWADA NEWS.नवादा जिले में फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है. हालांकि लक्ष्य के मुकाबले अभी काफी दूरी तय करनी बाकी है, लेकिन बीते दिनों में पंजीकरण की संख्या में हुई बढ़ोतरी से अभियान को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं.
विज्ञापन
पीएम किसान के 1.86 लाख लाभार्थियों में 20.53 प्रतिशत का फार्मर रजिस्ट्रेशन पूरा
हिसुआ, नरहट व काशीचक प्रखंड आगे, कुछ इलाकों में अब भी धीमी प्रगतिप्रतिनिधि, नवादा नगर
नवादा जिले में फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है. हालांकि लक्ष्य के मुकाबले अभी काफी दूरी तय करनी बाकी है, लेकिन बीते दिनों में पंजीकरण की संख्या में हुई बढ़ोतरी से अभियान को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं. पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में कुल 1,86,174 किसान लाभार्थी हैं. इनमें अब तक 38,226 किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है. जिले में 1,68,258 सक्रिय व 17,916 निष्क्रिय पीएम किसान लाभार्थी हैं. सक्रिय किसानों में से 21.85 प्रतिशत, जबकि कुल किसानों के अनुपात में 20.53 प्रतिशत का फार्मर रजिस्ट्रेशन होना यह दर्शाता है कि भले ही अभियान अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ा हो, लेकिन प्रशासनिक सक्रियता से इसमें लगातार सुधार हो रहा है.प्रखंड स्तर पर दिख रही बेहतर तस्वीर
फार्मर रजिस्ट्रेशन के मामले में कई प्रखंडों का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा है. हिसुआ प्रखंड जिले में सबसे आगे है, जहां 34.79 प्रतिशत किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है. इसके अलावा नरहट (31.57 प्रतिशत), काशीचक (30.63 प्रतिशत), रजौली (27.59 प्रतिशत) और गोविंदपुर (25.71 प्रतिशत) प्रखंडों में भी लगातार प्रगति दर्ज की जा रही है. इन प्रखंडों की उपलब्धि यह साबित करती है कि फील्ड स्तर पर बेहतर रणनीति और सतत प्रयास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.कुछ प्रखंडों में रफ्तार अब भी धीमी
दूसरी ओर कौआकोल, पकरीबरावां और नारदीगंज जैसे प्रखंडों में फार्मर रजिस्ट्रेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है. जमीन से संबंधित दस्तावेजों में त्रुटि, तकनीकी समस्याएं और जानकारी के अभाव के कारण कई किसान अब तक पंजीकरण से वंचित हैं. यह स्थिति प्रशासन के लिए चुनौती जरूर है, लेकिन इसे दूर करने के लिए ठोस कदम उठाये जा रहे हैं.प्रशासनिक प्रयास से बढ़ा भरोसा
जिला प्रशासन की ओर से लगातार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. राजस्व व कृषि विभाग की टीम गांव-गांव जाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्रेशन के लाभों की जानकारी दे रही है. शिविरों में आधार, जमीन व बैंक खाते से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, जिससे किसानों का भरोसा बढ़ा है और पंजीकरण की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है.आगे और बेहतर परिणाम की उम्मीद
प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान और तेज होगा. यदि शेष प्रखंडों में भी इसी तरह प्रयास जारी रहे, तो बड़ी संख्या में किसान जल्द ही इस अभियान से जुड़ जायेंगे. कुल मिलाकर, कुछ चुनौतियों के बावजूद नवादा जिले में फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान अब सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता दिख रहा है, जो किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




