नवादा सदर अनुमंडल में 39 हजार नए राशन कार्ड बनाने का अभियान शुरू, 13 अगस्त तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

बैठक करते सदर एसडीओ अमित अनुराग
Nawada News : नवादा सदर अनुमंडल में 39 हजार नए राशन कार्ड बनाने का विशेष अभियान शुरू हुआ है. 13 अगस्त 2026 तक यह लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है. जानिए आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज और पूरी प्रक्रिया.
Nawada News : सदर अनुमंडल में पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है. अभियान के तहत 39 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इस लक्ष्य को 13 अगस्त 2026 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है.
एसडीओ ने की अभियान की समीक्षा, तय किया दैनिक लक्ष्य
मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी शामिल हुए. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देश तथा जिला पदाधिकारी की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में अभियान की प्रगति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई. एसडीओ अमित अनुराग ने बताया कि समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी प्रखंडों के लिए दैनिक कार्य लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा करने और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं के साथ बैठक कर पात्र लाभार्थियों की पहचान, ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों के सत्यापन तथा समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता
प्रशासन की ओर से पात्र लाभार्थियों से आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अपील की गई है. इनमें जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और आय प्रमाणपत्र की स्व-अभिप्रमाणित प्रति, परिवार के मुखिया का रंगीन फोटो, बैंक पासबुक की प्रति, परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा सक्रिय जीमेल आईडी शामिल हैं.
कोई पात्र परिवार योजना से वंचित नहीं रहेगा
एसडीओ अमित अनुराग ने कहा कि यह अभियान मिशन मोड में संचालित किया जाएगा. सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय और गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नवादा सदर अनुमंडल का कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड की सुविधा से वंचित न रहे.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










