नवादा: विवाहिता की मौत मामले में जांच के दौरान चौकीदार से मारपीट, छह नामजद समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज
नवादा के सिरदला में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के चौकीदार को लोगों ने पीटा. साक्ष्य से छेड़छाड़ न करने की अपील पर गुस्साए आरोपियों ने चौकीदार पर हमला कर दिया. पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है.
Nawada Government Watchman Assault Case : नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के भलुआ गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत की जांच के दौरान पुलिस चौकीदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. इस घटना को लेकर सिरदला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
आपके शहर में
थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि चौकीदार महेंद्र प्रसाद के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 206/26 दर्ज किया गया है. मामले में मृतका हेमलता देवी के भाई रोशन कुमार, मामा अवधेश कुमार समेत चार-पांच अज्ञात महिला और पुरुषों को आरोपी बनाया गया है.
साक्ष्य सुरक्षित रखने पर भड़के लोग
प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस टीम विवाहिता की संदिग्ध मौत की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची थी. इसी दौरान चौकीदार ने वहां मौजूद लोगों से साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न करने और सामान को सुरक्षित रखने की अपील की.
आरोप है कि इस बात से नाराज होकर आरोपितों ने चौकीदार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की.
Nawada News : चौकीदार को आई चोटें
चौकीदार महेंद्र प्रसाद ने बताया कि हमलावरों ने उनकी गर्दन और चेहरे पर थप्पड़ व मुक्कों से वार किया, जिससे उन्हें चोटें आईं. घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
सरकारी कार्य में बाधा का मामला
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.
विवाहिता की संदिग्ध मौत की भी जांच जारी
गौरतलब है कि मंगलवार को भलुआ गांव में हेमलता देवी का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला था. इस घटना को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों-संदिग्ध मौत और चौकीदार से मारपीट-की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए