रग्बी में नवादा का बढ़ा मान, पवन राज का भारतीय अंडर-18 टीम में चयन

Updated:
विज्ञापन

चयनित खिलाड़ी पवन राज | Prabhat Khabar Network

Nawada News : नवादा के युवा रग्बी खिलाड़ी पवन राज का चयन एशियाई रग्बी अंडर-18 चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है. चीन में 5-6 सितंबर को पवन अपना दम दिखाएंगे.

विज्ञापन

Nawada News : नवादा जिला खेल के क्षेत्र में लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहा है. इसी कड़ी में जिले के युवा रग्बी खिलाड़ी पवन राज ने भारतीय रग्बी टीम में जगह बनाकर नवादा के साथ पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है. चुटकिया बीघा, नवादा निवासी रविंद्र यादव के पुत्र पवन राज का चयन चीन में 5 एवं 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली एशियाई रग्बी अंडर-18 चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में किया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पवन राज के भारतीय टीम में चयन से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है. वह नवादा जिले के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गये हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है. पवन के चयन को जिले में रग्बी खेल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

कीर्ति डिफेंस अकादमी में बचपन से कर रहे अभ्यास

जिला रग्बी संघ के सचिव विक्रम कुमार ने बताया कि पवन राज बचपन से ही कीर्ति डिफेंस अकादमी, नवादा में नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास करते आ रहे हैं. अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है. इस दौरान उन्होंने स्वर्ण पदक सहित कई उपलब्धियां हासिल की हैं. अब वह जिले के उन खिलाड़ियों में शामिल हो गये हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में भारत की ओर से खेलने का अवसर मिला है.

राष्ट्रीय स्तर पर 30 खिलाड़ियों ने जीते पदक

जिला रग्बी संघ के मार्गदर्शक एवं तकनीकी पदाधिकारी संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि नवादा जिले के करीब 30 खिलाड़ियों ने इस वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर जिले और बिहार का नाम रोशन किया है. ग्रामीण क्षेत्रों और सीमित संसाधनों के बीच अभ्यास करने वाले इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है.

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों के बावजूद जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से अपेक्षित प्रोत्साहन और सम्मान नहीं मिलना चिंता का विषय है.

खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधा देने की मांग

संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भी जिले में प्रशासन की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कोई विशेष कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया. ऐसे माहौल में लगातार मेहनत कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों में निराशा पैदा होती है.

उन्होंने प्रशासन से जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सामग्री, सम्मान एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.

आरती कुमारी के बाद पवन का भारतीय टीम में चयन

नवादा के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हाल ही में जिले की रग्बी खिलाड़ी आरती कुमारी का चयन एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है. इसके बाद अब पवन राज का भारतीय टीम में चयन जिले में रग्बी खेल की बढ़ती पहचान और खिलाड़ियों की प्रतिभा को दर्शाता है. लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवादा के खिलाड़ियों का चयन होना जिले के लिए गर्व की बात है.

Also Read : नवीनगर में अखिल भारतीय सवर्ण महासम्मेलन, यूजीसी और आरक्षण नीति में सुधार की उठी मांग

अकादमी में विभिन्न खेलों का मिलता है प्रशिक्षण

कीर्ति डिफेंस अकादमी के कोच कीर्ति रंजन ने बताया कि अकादमी में डिफेंस प्रशिक्षण के साथ-साथ एथलेटिक्स, रग्बी फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है. यहां प्रतिवर्ष सैकड़ों खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं. उन्होंने कहा कि पवन राज ने भी कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया है.

खेल प्रेमियों ने पवन को दी शुभकामनाएं

पवन राज की इस उपलब्धि पर नवादा जिला रग्बी संघ के अध्यक्ष ए.के. गुरु उर्फ अमित कुमार, सचिव विक्रम कुमार, शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा, समाजसेवी कृष्णा यादव, रंजीत कुमार, जूही कुमारी, सुनील कुमार, राहुल कुमार, गुलशन बाबू, खेलो इंडिया के कोच मनजीत कुमार, रितु कुमारी, काजल कुमारी सहित जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी है.

सभी ने पवन राज को एशियाई रग्बी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने तथा भारत के लिए पदक जीतकर देश, बिहार और नवादा का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं. खिलाड़ियों और खेल संगठनों ने उम्मीद जतायी कि पवन राज की सफलता से नवादा के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.

Also Read : औरंगाबाद: धावा नदी के उफान से माड़ीपुर पुल पर चढ़ा 3 फीट पानी, रफीगंज-भदवा पथ पर आवागमन पूरी तरह ठप; 24 गांवों का संपर्क टूटा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन