नवादा में सामान लेकर लौट रहे युवक को आया हार्ट अटैक, गंभीर हालत में पावापुरी रेफर
अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती मरीज
Nawada News : रजौली में बारिश के दौरान दुकान का सामान लेकर लौट रहे युवक को अचानक हार्ट अटैक आ गया. हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
Nawada News : रजौली प्रखंड क्षेत्र के हरदिया डैम पार स्थित सिंगर गांव के समीप रविवार की देर शाम बारिश के दौरान दुकान का सामान लेकर लौट रहे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गयी. युवक को हार्ट अटैक आने की आशंका जतायी गयी है. वह अचेत होकर सड़क किनारे गिर पड़ा. स्थानीय लोगों की मदद से उसे घर पहुंचाया गया, जहां से परिजन इलाज के लिए रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया.
आपके शहर में
अस्पताल में बीपी काफी अधिक, हार्ट अटैक की आशंका
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. श्याम नंदन प्रसाद ने बताया कि बीमार युवक की पहचान मरमो गांव निवासी जानकी भुइयां के 32 वर्षीय पुत्र भोला भुइयां के रूप में हुई है. अस्पताल लाए जाने के समय उसकी बीपी काफी अधिक थी. प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जतायी गयी. इसके बाद चिकित्सकों ने उसे आवश्यक इंजेक्शन और दवाइयां दीं. स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया.
Also Read : रजौली में आधी रात शॉर्ट सर्किट से किराना दुकान में लगी आग, 6 लाख का सामान जलकर राख; मुआवजे की मांग
रजौली से दुकान का सामान लेकर लौट रहा था युवक
अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों ने बताया कि भोला भुइयां मरमो गांव में किराना दुकान चलाता है. रविवार की देर शाम वह रजौली बाजार से दुकान का सामान खरीदकर घर लौट रहा था. इसी दौरान सिंगर गांव के समीप तेज बारिश शुरू हो गयी. बारिश में भीगने और सामान का बोझ उठाने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी और वह अचेत होकर सड़क किनारे गिर पड़ा.
एक ग्रामीण की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे घर पहुंचाया गया. घर पहुंचने के बाद भोला न तो ठीक से बोल पा रहा था और न ही खड़ा हो पा रहा था. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे.
Also Read : नवादा में टोटो की टक्कर से महिला की मौत, दो मासूम के सिर से उठा मां का साया,आक्रोशित लोगो ने किया सड़क जाम
पावापुरी रेफर के बाद बगरौल ले गए परिजन
चिकित्सकों द्वारा पावापुरी रेफर किए जाने के बाद परिजन भोला को लेकर गया जिले के बगरौल चले गए. परिजनों के अनुसार, बगरौल में पैरालिसिस का इलाज कराया जाता है. युवक की गंभीर हालत को लेकर परिवार के लोगों में चिंता बनी हुई है.
पांच छोटे बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी
भोला की पत्नी रानी देवी ने बताया कि उनके पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार लड़कियां और एक लड़का है. पति की गंभीर हालत के कारण पूरे परिवार के सामने संकट की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव के लोगों ने बताया कि भोला मेहनती और मिलनसार व्यक्ति है. परिवार का भरण-पोषण उसकी किराना दुकान से ही चलता है. ऐसे में उसकी गंभीर बीमारी के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
Also Read : थार की किस्त को लेकर नवादा में भिड़े दो परिवार, महिला-दिव्यांग युवक समेत 8 घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए