नवादा में टोटो की टक्कर से महिला की मौत, दो मासूम के सिर से उठा मां का साया,आक्रोशित लोगो ने किया सड़क जाम
मृतका के शव के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन करते आक्रोशित परिजन व ग्रामीण
नवादा के रोह में टोटो की चपेट में आने से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने सड़क जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
नवादा के रोह थाना क्षेत्र में दो दिन पहले टोटो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला की सोमवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गयी. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर रोह-कादिरगंज पथ को जाम कर दिया. लोग दुर्घटना के लिए जिम्मेदार टोटो चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग कर रहे थे.
आपके शहर में
सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा. घटना की जानकारी मिलने के बाद रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया.
तेज रफ्तार टोटो ने महिला को मारी थी टक्कर
जानकारी के अनुसार, रोह थाना क्षेत्र के मनियोचक गांव निवासी सोनी कुमारी शुक्रवार को रोह पुराने प्रखंड भवन के समीप मुख्य सड़क से गुजर रही थीं. इसी दौरान तेज गति से आ रहे टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद महिला सड़क पर गिर गयीं और गंभीर रूप से घायल हो गयीं. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी.
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. इसी बीच टोटो चालक वाहन लेकर घटनास्थल से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सोनी कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
इलाज के दौरान हुई मौत
चिकित्सकों की ओर से इलाज किया गया, लेकिन उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका. सोमवार की सुबह इलाज के दौरान सोनी कुमारी ने दम तोड़ दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका की पहचान मनियोचक गांव निवासी सोनी कुमारी, पति अमित कुमार और पिता मोहन शर्मा के रूप में हुई है. बताया जाता है कि सोनी कुमारी के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. मां की असमय मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है.
महिला की मौत के बाद मनियोचक गांव में भी शोक का माहौल है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण भी काफी दुखी हैं और परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं.
शव के साथ सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण
महिला की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर रोह-कादिरगंज पथ को जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि हादसे के बाद टोटो चालक मौके से फरार हो गया और अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है.
आक्रोशित लोगों ने फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और मृतका के आश्रित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.
सड़क जाम की सूचना मिलते ही रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने लोगों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
टोटो चालक के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस दुर्घटना के बाद फरार टोटो चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. महिला की मौत के बाद अब परिजनों की नजर फरार टोटो चालक की गिरफ्तारी और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है.
बरबीघा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का हंगामा, ट्रैक पर बैठकर पटना जाने वाली ट्रेन को रोका, रेल मंत्री-सांसद के खिलाफ जमकर लगाएं नारे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए