रजौली में आधी रात शॉर्ट सर्किट से किराना दुकान में लगी आग, 6 लाख का सामान जलकर राख; मुआवजे की मांग
रजौली के प्राणचक गांव में जली हुई दुकान
बिहार के रजौली में शॉर्ट सर्किट के कारण किराना दुकान जलकर राख, दुकानदार को हुआ 6 लाख का भारी नुकसान। प्रशासन से मुआवजे की लगाई गुहार।
रजौली नगर पंचायत के वार्ड संख्या 01 अंतर्गत प्राणचक गांव में रविवार की आधी रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई. आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया. घटना में दुकानदार को लगभग 6 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है. पीड़ित दुकानदार प्राणचक गांव निवासी ईश्वरी प्रसाद ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से गांव में ही घर से 500 मीटर की दूरी पर दो दुकान संचालित करते हैं. एक दुकान किराना की है और दूसरी किसान खाद भंडार है. आग से हुए नुकसान के बाद ईश्वरी प्रसाद ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है.
आपके शहर में
आधी रात में लगी आग
ईश्वरी प्रसाद ने बताया कि रोज की तरह रविवार शाम दुकान बंद कर वे घर चले गए थे. रात करीब 2 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनकी दुकान से आग और धुआं निकल रहा है. मौके पर पहुंचने तक किराना दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी.

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग रजौली को फोन किया गया. प्रधान अग्निक सुरेंद्र कुमार शर्मा और गुड्डु पासवान, अग्निक चालक टुन्ना कुमार गुप्ता व बिट्टू कुमार, अग्निक राकेश कुमार, शमशेर अंसारी, समीर राज एवं सुधांशु कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग में किराना का सामान के साथ-साथ काउंटर में रखे पॉश मशीन और रजिस्टर भी जलकर खाक हो गया. वहीं खाद दुकान पूरी तरह सुरक्षित है.
मुआवजे की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार की सुबह प्रखंड कृषि पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने लाइसेंसधारी खाद दुकानदार को प्राथमिकी दर्ज कर उसकी एक प्रति जमा करने समेत अन्य जरूरी निर्देश दिए.

सीओ मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि यदि दुकानदार ने बीमा कराया होगा तो उसे बीमा कंपनी से मुआवजा मिल सकता है. दुकान में आग लगने की स्थिति में आपदा प्रबंधन से किसी प्रकार का प्रावधान नहीं है.
थानाध्यक्ष का बयान
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है. पुलिस जांच कर रही है. पीड़ित दुकानदार के आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
PHOTOS: नाव पर बैठे थे बदमाश, पटना पुलिस पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां; 62 राउंड फायरिंग में SI घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए