नवादा के साधु चौहान हत्याकांड में दो आरोपित गिरफ्तार, एक के खिलाफ सीसीए-3 का प्रस्ताव
प्रेस वार्ता करके जानकारी देते पुलिस अधिकारी | Prabhat Khabar Network
Nawada News : नवादा के सीतामढ़ी में जमीन कब्जाने के विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अन्य की तलाश जारी है.
Nawada News : सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के मिल्की बेलदारी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में वृद्ध साधु चौहान की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है. मामले में मृतक के पुत्र सुजीत चौहान के बयान पर 17 लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया था. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मिल्की बेलदारी गांव निवासी विकास कुमार चौहान (26), पिता श्रवण चौहान और अनुज कुमार उर्फ छोटू कुमार (20), पिता उमेश चौहान के रूप में हुई है. पुलिस ने विकास कुमार के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसके खिलाफ सीसीए-3 के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा है. रजौली पुलिस अनुमंडल के प्रभारी एसडीपीओ मो. शाहनवाज अख्तर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना और पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आयी है.
आपके शहर में
जमीन पर कब्जे के प्रयास को लेकर बढ़ा विवाद
प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि मृतक साधु चौहान की जमीन पर आरोपित पक्ष के लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था. इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि इसी दौरान साधु चौहान को घेरकर उनके साथ मारपीट की गयी, जिससे उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. मृतक के पुत्र सुजीत चौहान के बयान पर सीतामढ़ी थाना कांड संख्या 97/26 दर्ज किया गया.
गया में नानी के घर छिपे थे दोनों आरोपित
मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए सीतामढ़ी थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपित गया जिले में छिपे हुए हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गया जिले के मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पछान गांव में छापेमारी की. वहां अनुज कुमार उर्फ छोटू कुमार के नानी के घर से दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया. प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि इस कांड में कुल 17 नामजद आरोपित हैं, जिनमें से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है. शेष 15 आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
Also Read : औरंगाबाद में अंबा-नवीनगर सड़क पर गड्ढों का जाल, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
दोनों आरोपितों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विकास कुमार चौहान और अनुज कुमार उर्फ छोटू कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. एसडीपीओ ने बताया कि विकास कुमार पूर्व में भी एक मामले में जेल जा चुका है. उसके खिलाफ सीतामढ़ी थाना में कांड संख्या 368/22, 64/24, 102/25, 128/25 और 92/26 दर्ज हैं. वर्तमान मामले में उसके खिलाफ कांड संख्या 97/26 दर्ज किया गया है. विकास कुमार की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ सीसीए-3 के तहत कार्रवाई के लिए थाना स्तर से प्रस्ताव भेजा गया है. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
15 अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य 15 नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. छापेमारी दल में सीतामढ़ी थानाध्यक्ष पपु शर्मा, हरेंद्र यादव तथा थाना के महिला और पुरुष सशस्त्र बल शामिल थे. प्रभारी एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि मामले का अनुसंधान जारी है. घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है.
Also Read : औरंगाबाद में 100 फीट सड़क बहने से 15 गांवों का संपर्क टूटा, पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर रहे ग्रामीण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए