औरंगाबाद में 100 फीट सड़क बहने से 15 गांवों का संपर्क टूटा, पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर रहे ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन

पानी के बहाव में बहा सड़क | Prabhat Khabar Network

Aurangabad News : मदनपुर में झरही नदी की बाढ़ से अंबेडकर नगर पथ का 100 फीट हिस्सा बह गया, जिससे 15 गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क कट गया. ग्रामीण मरम्मत की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Aurangabad News : मदनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्मित अंबेडकर नगर पथ पर बनिया बलुईखांड़ के समीप झरही नदी में आई बाढ़ और लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण करीब 100 फीट सड़क बह गयी है. सड़क क्षतिग्रस्त होने से आसपास के करीब 15 गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है. सड़क टूटने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर रहे ग्रामीण

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क टूट जाने से सैलवा, अंबेडकर नगर, थवई, कोइरी बिगहा, बेलहर चट्टी, महुआवा, प्राणपुर, जमुआईन सहित आसपास के अन्य गांवों के लोगों को प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए करीब पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. ग्रामीण रानी कुआं होकर प्रखंड मुख्यालय आ-जा रहे हैं. इससे आम लोगों के साथ-साथ मरीजों, किसानों और दैनिक यात्रियों को भी काफी परेशानी हो रही है.

स्कूली छात्र-छात्राओं की बढ़ी परेशानी

सड़क टूटने का सबसे अधिक असर स्कूली छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है. क्षतिग्रस्त सड़क के कारण उन्हें विद्यालय आने-जाने में कठिनाई हो रही है. वहीं, बरसात के मौसम में सड़क के आसपास पानी और कीचड़ जमा रहने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.

पिछले वर्ष भी बह गयी थी सड़क

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर बाढ़ के पानी में सड़क बह गयी थी. उस समय ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत करायी गयी थी. हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत कार्य स्थायी समाधान के बजाय महज खानापूर्ति साबित हुआ. इस वर्ष फिर उसी स्थान पर सड़क बह जाने से विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.

Also Read : नवादा के मध्य विद्यालय चौगांव के प्रभारी प्रधानाध्यापक उदय कुमार चौधरी का निधन, शिक्षा जगत में शोक

आरसीसी पुलिया निर्माण की मांग

इस संबंध में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद और ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को ईमेल के माध्यम से आवेदन भेजा है. उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क की अविलंब मरम्मत कराने के साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए उक्त स्थल पर आरसीसी पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है.

स्थायी समाधान की मांग कर रहे ग्रामीण

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए सड़क का पुनर्निर्माण कराने और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण और उचित जल निकासी की व्यवस्था होने से बरसात के दौरान बार-बार सड़क बहने की समस्या से निजात मिल सकेगी और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.

Also Read : बाढ़ में नॉनवेज पार्टी के दौरान चार दोस्तों की बिगड़ी तबीयत, पटना लाने के दौरान हुई मौत, जहरीली पेय पदार्थ पीने की आशंका


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन