औरंगाबाद में अंबा-नवीनगर सड़क पर गड्ढों का जाल, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
अंबा बाजार की मुख्य सड़क पर जलजमाव व उभरे खतरनाक गड्ढे | Prabhat Khabar Network
Aurangabad News : अंबा-नवीनगर मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. बड़े गड्ढों और जलजमाव के कारण राहगीर और स्कूली बच्चे रोजाना दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं.
Aurangabad News : अंबा प्रखंड मुख्यालय बाजार अंबा से कुटुंबा होते हुए नवीनगर तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गयी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े और खतरनाक गड्ढे उभर आये हैं. बारिश का पानी गड्ढों में जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गयी है. अंबा बाजार के मुख्य चौक से इंडियन बैंक तक सड़क की स्थिति सबसे खराब है. यहां सड़क पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची है. गड्ढों के बीच से होकर गुजरना राहगीरों के लिए चुनौती बन गया है. आए दिन बाइक और साइकिल सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं.
आपके शहर में
कई स्थानों पर सड़क की स्थिति बदहाल
राहत क्लिनिक से संत जोसेफ स्कूल, दधपा तथा कुटुंबा बिचला मोड़ के समीप भी सड़क की स्थिति खराब है. इन स्थानों पर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आये हैं. जलजमाव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है. ऐसे में पैदल चलने वालों के साथ वाहन चालकों को भी काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बीमार मरीजों और महिलाओं को हो रही है.
Also Read : बाबा हरिगिरिधाम की दान पेटी से निकले 1.92 लाख रुपये, प्रशासनिक निगरानी में हुई गिनती
बदहाल सड़क से कारोबार भी प्रभावित
बाजार के व्यवसायी प्रवीण गुप्ता, भगवान सोनी, सुबोध कुमार, सुरेश गुप्ता, सत्येंद्र प्रसाद आजाद और राजेश कुमार आदि ने बताया कि अंबा-नवीनगर रोड की स्थिति ऐसी हो गयी है कि सड़क पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची है. बदहाल सड़क के कारण बाजार में आने-जाने वाले ग्राहकों की संख्या प्रभावित हो रही है, जिससे कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इसके बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने की दिशा में विभागीय स्तर पर अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है.
Also Read : पिपरा देवस को नगर परिषद बीहट में शामिल करने के प्रस्ताव का विरोध, कांग्रेस नेताओं ने दर्ज करायी आपत्ति
23 नवंबर 2023 से शुरू हुआ था स्पेशल मेंटेनेंस कार्य
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त सड़क पर 23 नवंबर 2023 को तमसी मोड़ के समीप से स्पेशल मेंटेनेंस कार्य शुरू हुआ था. अंबा से नवीनगर तक सड़क का निर्माण कार्य जनवरी 2025 में पूरा हुआ था. निर्माण पूरा होने के करीब एक साल बाद ही सड़क कई जगहों पर उखड़कर बिखर गयी. वर्तमान में सड़क की स्थिति देखकर इसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं. विभाग के अनुसार, निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी को पांच वर्षों तक सड़क के अनुरक्षण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी दी गयी थी.
17 जुलाई को समाप्त हो चुका है मेंटेनेंस, बोले अधिकारी
पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल सिंह ने बताया कि मेंटेनेंस वर्क की अवधि 17 जुलाई को समाप्त हो चुकी है. फिलहाल सड़क पर उभरे गड्ढों को मोरम डालकर पाटा जाना है. उन्होंने बताया कि ओपीआरएमसी के तहत टेंडर निकाला गया था. सोमवार को पुनः आउटपुट एंड परफॉर्मेंस बेस्ड रोड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के तहत सड़क के पुनर्निर्माण और सात वर्षों तक अनुरक्षण के लिए समाचार पत्र में री-निविदा प्रकाशित करायी जाएगी.
Also Read : गंगा में स्नान करने के दौरान बेगूसराय में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, चार घंटे बाद मिला शव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए