औरंगाबाद के पेड़ा दुकान में मीटर बाइपास कर बिजली चोरी, 2.55 लाख रुपये का जुर्माना
प्रतीकात्मक तस्वीर
Aurangabad News : बिहार के बारुण में एक प्रसिद्ध पेड़ा दुकान में बिजली चोरी पकड़ी गई. विभाग ने मीटर बाइपास करने पर 2.55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और प्राथमिकी दर्ज की.
Aurangabad News : दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की ओर से बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन छापेमारी अभियान के तहत बारुण थाना क्षेत्र के चरन मोड़ स्थित एक प्रसिद्ध पेड़ा दुकान में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गयी है. विद्युत विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए उपभोक्ता पर 2 लाख 55 हजार 845 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया है. साथ ही बारुण थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
आपके शहर में
गुप्त सूचना पर गठित की गयी छापेमारी टीम
मिली जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग को सूचना मिली थी कि चरन मोड़ स्थित एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में मीटर बाइपास कर अवैध तरीके से बिजली की खपत की जा रही है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल बारुण के सहायक विद्युत अभियंता रंजन कुमार के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी दल गठित किया गया.
दल में औरंगाबाद एसटीएफ के सहायक विद्युत अभियंता अखिलेश्वर कुमार, टेंगरा प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता मनोज कुमार, लाइनमैन कमलेश सिंह सहित अन्य विद्युत कर्मी शामिल थे.
Also Read : 13 वर्षीय विपिन की मौत से प्राणपुर गांव में पसरा मातम, अंतिम संस्कार में नम हुईं हर आंखें
एलटी तार में टोका फंसाकर की जा रही थी बिजली चोरी
छापेमारी दल ने भोपतपुर, चरन मोड़ स्थित पेड़ा दुकान के व्यावसायिक परिसर का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान पाया गया कि उक्त परिसर में प्रमोद साव के नाम से बिजली कनेक्शन है. परिसर में वैध कनेक्शन और स्मार्ट मीटर लगा होने के बावजूद पास से गुजर रहे एलटी तार में अवैध रूप से टोका फंसाकर छत के रास्ते बिजली अंदर ले जायी जा रही थी.
जांच में सामने आया कि इस तरीके से स्मार्ट मीटर को बाइपास कर अतिरिक्त विद्युत भार चोरी से चलाया जा रहा था. विभाग के अनुसार, अवैध बिजली चोरी के कारण विद्युत कंपनी को 2 लाख 55 हजार 845 रुपये के राजस्व की क्षति हुई है.
विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
मामले में विद्युत विभाग की ओर से बारुण थाने में विद्युत अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आरोपी प्रमोद साव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ क्षेत्र में सघन जांच और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए