नवादा में कार और बाइक की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल, एक को पटना रेफर किया गया

Updated:
विज्ञापन

सड़क किनारे लगी दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार

Nawada News : रजौली के हरदिया डैम के पास कार और बाइक की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया है.

विज्ञापन

Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया डैम जाने वाले रास्ते में रविवार को करीब तीन बजे कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सड़क दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. श्याम नंदन प्रसाद ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

घायल चंदन की हालत गंभीर, नस कटने से हुआ अधिक रक्तस्राव

चिकित्सक ने बताया कि घायलों में हरदिया पंचायत के पैक्स अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव के 29 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार, हरदिया सेक्टर-बी निवासी बुधन यादव के 48 वर्षीय पुत्र विनोद यादव और नरहट थाना क्षेत्र निवासी गणेश प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र भूपेंद्र कुमार शामिल हैं.

क्षतिग्रस्त कार की तस्वीर
क्षतिग्रस्त कार की तस्वीर

चिकित्सक के अनुसार, घायल चंदन कुमार के बाएं पैर में अंगुली जितनी मोटी नस कट गयी है, जिसके कारण काफी रक्तस्राव हो रहा था. गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल नवादा रेफर किया गया. हालांकि, चंदन के परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित मेदांता अस्पताल ले गए हैं.

वहीं, विनोद यादव के एक पैर का घुटना टूट गया है, जबकि भूपेंद्र कुमार के सिर में चोट लगी है. दोनों का इलाज नवादा सदर अस्पताल में चल रहा है.

Also Read : बेगूसराय सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा बहाल करने और न्यूरोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग, वीआईपी युवा मोर्चा का प्रदर्शन

बाइक पर सवार थे तीनों घायल

अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों ने बताया कि चंदन कुमार बाइक चला रहा था और विनोद यादव उसके पीछे बैठे थे. हरदिया डैम की तरफ से घर लौटने के दौरान भूपेंद्र कुमार ने लिफ्ट ली और वह भी बाइक पर सवार हो गया.

इसी दौरान हरदिया डैम घूमने जा रही स्विफ्ट कार संख्या बीआर-21एएम-7263 ने गेनौरी मोड़ के समीप बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

क्षतिग्रस्त बाइक की तस्वीर
क्षतिग्रस्त बाइक की तस्वीर

कार को लॉक कर चालक मौके से फरार

दुर्घटना के बाद कार सवार चालक कार को लॉक कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही थाना में पदस्थापित एसआई मनोरंजन शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया है.

Also Read : रोहतास में प्रशासनिक फेरबदल, ट्रैफिक DSP अमरकांत बने मंझौल SDPO; नवीन पांडेय को आपदा प्रबंधन की कमान

पुलिस मामले की जांच में जुटी

इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है. दुर्घटना के कारणों और कार चालक के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है. पीड़ित की ओर से इलाज के बाद लिखित आवेदन मिलने पर अग्रतर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read : नावकोठी में मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत बन रहे पुल में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने काम रोका


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन