नवादा में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सक्रिय हुई पुलिस, अभया ब्रिगेड ने शहर में चलाया गश्ती अभियान

Updated:
विज्ञापन

अभया ब्रिगेड की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

Nawada News : नवादा पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर अभया ब्रिगेड की सक्रियता बढ़ाई है. स्कूल, कॉलेज और बाजारों में मनचलों पर नजर रखने के लिए सघन गश्ती अभियान चलाया जा रहा है.

विज्ञापन

Nawada News : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर नवादा पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर रविवार को अभया ब्रिगेड यानी पुलिस दीदी की टीम ने शहरी क्षेत्र में सघन गश्ती अभियान चलाया. टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों के आसपास और अन्य संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

अभया ब्रिगेड की गश्ती का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है. गश्ती के दौरान विशेष रूप से उन स्थानों पर निगरानी रखी गयी, जहां छात्राओं एवं महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है. स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों के आसपास भी पुलिस टीम ने सतर्कता बरती. मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर विशेष नजर रखी गयी.

भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी

शहर के बाजार और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में भी अभया ब्रिगेड की टीम ने गश्ती की. पुलिस की मौजूदगी के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गयी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके. पुलिस टीम ने आम लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.

मुख्यालय डीएसपी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्ती और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है. इसी उद्देश्य से अभया ब्रिगेड की टीम को शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार सक्रिय रखा जा रहा है.

Also Read : रोहतास में प्रशासनिक फेरबदल, ट्रैफिक DSP अमरकांत बने मंझौल SDPO; नवीन पांडेय को आपदा प्रबंधन की कमान

महिला सुरक्षा को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. पुलिस की टीम स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं, बाजारों में खरीदारी करने वाली महिलाओं और सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है.

अभया ब्रिगेड की गश्ती के माध्यम से महिलाओं और छात्राओं के बीच पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस की ओर से यह संदेश भी दिया जा रहा है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचना दें.

Also Read : गंगा में स्नान करने के दौरान बेगूसराय में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, चार घंटे बाद मिला शव

असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी.

अभया ब्रिगेड की लगातार गश्ती का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम लोगों में यह विश्वास पैदा करना भी है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए लगातार उनके बीच मौजूद है. नवादा पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Also Read : बेगूसराय सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा बहाल करने और न्यूरोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग, वीआईपी युवा मोर्चा का प्रदर्शन


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन