हिसुआ के प्राचीन पांचू संगत के पूर्व महंथ अर्जुन दास की अंतिम अरदास, श्रद्धालुओं ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में शामिल जत्थेदार | Prabhat Khabar Network
Nawada News : हिसुआ के प्राचीन उदासीन पांचू संगत के पूर्व महंथ अर्जुन दास के अंतिम अरदास में जुटे लोग, धर्मवीर सिंह को बनाया गया संगत का स्थाई ग्रंथि.
Nawada News : गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी पटना साहिब द्वारा संचालित हिसुआ के प्राचीन उदासीन पांचू संगत के पूर्व महंथ अर्जुन दास उर्फ मुन्ना जी के आकस्मिक निधन पर रविवार को अंतिम अरदास कार्यक्रम आयोजित किया गया. गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी पटना साहिब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी. बिहार सिख फेडरेशन के संस्थापक त्रिलोकी सिंह निषाद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सिख समुदाय के दर्जनों लोगों के अलावा कई स्थानीय लोग भी शामिल हुए.
आपके शहर में
अरदास की शुरुआत श्री सुखमणि साहिब की कथा से हुई. इसके बाद पटना साहिब से आए कीर्तन जत्थे के सदस्यों ने वैराग्यमयी भजन प्रस्तुत कर मनुष्य के जीवन और मृत्यु के बारे में बताया. भजन समाप्त होने के बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी. इसमें वक्ताओं ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के सदस्यों से संगत की परंपरा और इसकी महत्ता को बनाए रखने की मांग की. साथ ही महंथ अर्जुन दास को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी.
संगत परिसर में निशान साहिब का बदला गया वस्त्र
संगत परिसर में स्थापित निशान साहिब का वस्त्र परिवर्तित कर उन्हें नया वस्त्र धारण कराया गया. गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से संगत में पूजा-पाठ एवं अन्य धार्मिक आयोजनों की देखरेख के लिए स्थायी ग्रंथी के रूप में धर्मवीर सिंह को नियुक्त किया गया है. वहीं, मंदिर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी महंथ अर्जुन दास के भतीजे को दी गयी है.

धर्मवीर सिंह को स्थायी ग्रंथी की जिम्मेदारी
संगत की धार्मिक महत्ता की जानकारी देते हुए त्रिलोकी सिंह ने बताया कि हिसुआ का पांचू संगत उन गिने-चुने स्थानों में शामिल है, जहां स्वयं गुरु नानक साहिब चलकर पधारे थे. यह संगत सिख समुदाय के लोगों के लिए आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है. इसकी देखरेख और धार्मिक महत्ता को बनाए रखना सभी का परम कर्तव्य है.
उन्होंने कहा कि हिसुआ संगत का मालिकाना हक और स्वामित्व पूरी तरह गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी पटना साहिब के पास है. कमिटी की देखरेख में समय-समय पर यहां विभिन्न धार्मिक आयोजन कराए जाते हैं. संगत के सेवादार के रूप में पटना साहिब के ग्रंथी धर्मवीर सिंह की नियुक्ति पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की.
Also Read : नावकोठी में मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत बन रहे पुल में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने काम रोका
पटना साहिब से पहुंचे कई पदाधिकारी और सेवादार
कार्यक्रम में पटना साहिब से पहुंचे गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रबंधक दिलीप सिंह पटेल, सेवादार संत सिंह, योगेंद्र सिंह, कथावाचक दलजीत सिंह, लिपिक रंजीत सिंह, कीर्तन जत्था से जुड़े भाई हरजीत सिंह, महेंद्र पाल सिंह ढिल्लों, धर्म प्रचार कमिटी के चेयरमैन धर्मवीर सिंह, राजवीर सिंह, रवि सिंह, जगदीश सिंह, देवेंद्र विश्वकर्मा, बिलटू चौधरी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने दिवंगत महंथ अर्जुन दास को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
Also Read : गंगा में स्नान करने के दौरान बेगूसराय में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, चार घंटे बाद मिला शव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए