Nawada News: 207 में 203 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित, 100 के पास ही अपना भवन

फोटो– बाल विकास परियोजना कार्यालय पकरीबरावां. | Prabhat Khabar Network
नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड में 203 आंगनबाड़ी केंद्र सीमित संसाधनों के बीच संचालित हो रहे हैं. इनमें से 72 केंद्रों में पेयजल की भारी कमी है, जबकि 100 केंद्र अपने सरकारी भवनों में चल रहे हैं. विभाग रिक्तियों को भरने और पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है.
Nawada News: नवादा जिले के समेकित बाल विकास परियोजना (ICDS) के तहत पकरीबरावां प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सीमित संसाधनों के बीच जारी है. प्रखंड में कुल 207 आंगनबाड़ी केंद्र सृजित हैं, जिनमें से 203 केंद्र संचालित हो रहे हैं और 4 केंद्र बंद हैं. स्वीकृत पदों के मुकाबले वर्तमान में 195 सेविकाएं और 171 सहायिकाएं ही कार्यरत हैं, जिससे 8 सेविकाओं और 32 सहायिकाओं के पद रिक्त चल रहे हैं. विभाग ने इन रिक्तियों को भरने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है.
अपने भवन और पेयजल की भारी कमी
संचालित 203 केंद्रों में से केवल 100 केंद्र अपने सरकारी भवन में चल रहे हैं. वहीं 81 केंद्र किराए के मकान, 9 सामुदायिक भवन और 1 केंद्र पुस्तकालय भवन में संचालित हो रहा है. पेयजल की स्थिति भी चिंताजनक है, जहां अपने भवन वाले 100 केंद्रों में से मात्र 28 में ही पानी की सुविधा है और 72 केंद्रों में पेयजल व्यवस्था नहीं है. खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत के लिए पीएचडी (PHED) विभाग को पत्र लिखा गया है.
73 केंद्र बने सक्षम, नियमित जांच का निर्देश
विभागीय पहल के तहत 73 केंद्रों को सक्षम केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां रंग-बिरंगी पेंटिंग, खिलौने और नीति आयोग की ओर से बेंच उपलब्ध कराए गए हैं. सीडीपीओ नेहा कुमारी ने बताया कि संसाधनों की कमी के बावजूद केंद्रों का नियमित संचालन जारी है और जीविका दीदियों के माध्यम से बच्चों को ड्रेस दी जा रही है. प्रखंड में महिला पर्यवेक्षिका के सभी 8 पद भरे हुए हैं और अधिकारियों को सभी केंद्रों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










