बुंदेला बस से शराब व बियर जब्त, चालक व खलासी समेत तीन गिरफ्तार
Published by : KR MANISH DEV Updated At : 14 May 2026 6:32 PM
चितरकोली समेकित जांच चौकी पर बस की डिक्की से छुपाकर ले जायी जा रही 10 बोतल शराब और 72 केन बियर बरामद
झारखंड से बिहार लायी जा रही थी शराब की खेप, सघन जांच में पकड़ाया वाहन
प्रतिनिधि, रजौलीबिहार-झारखंड सीमा पर स्थित चितरकोली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने एक बस की डिक्की से छुपाकर ले जायी जा रही 10 बोतल शराब और 72 केन बियर बरामद की है. इस मामले में बस को जब्त करते हुए चालक, खलासी और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है. उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के तहत चेकपोस्ट पर झारखंड से आने वाले प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जा रही है. गुरुवार की अहले सुबह उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान एएसआइ विश्वजीत कुमार सिंह ने बुंदेला बस (बीआर 24 पीए 2838) की तलाशी ली. जांच के क्रम में बस की डिक्की से रॉयल स्टैग के 750 एमएल की पांच बोतलें, 375 एमएल की पांच बोतलें और किंगफिशर के 500 एमएल वाले 72 केन बरामद हुए.
तीन आरोपित भेजे गये जेल
गिरफ्तार बस चालक की पहचान नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी लालो राय के पुत्र मनीष कुमार, बस खलासी गिरियक जिले के भोजपुर गांव निवासी स्व रामचंद्र यादव के पुत्र संजय यादव व कंडक्टर नवादा के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कठोकरी गांव निवासी स्व इंद्रदेव यादव के पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब और बस के साथ तीनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










