10 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाया हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन
विलाप करते परिजन  | Prabhat Khabar Network

विलाप करते परिजन | Prabhat Khabar Network

सरैया के बहिलवारा गांव में 10 वर्षीय यश राज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने पड़ोसियों पर रंजिश में हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

विज्ञापन

Saraiya News: थाना क्षेत्र के बहिलवारा रूपनाथ माली टोला गांव में बुधवार रात 10 वर्षीय यश राज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक मनटुन सहनी का इकलौता पुत्र था. घटना के बाद परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

परिजनों ने रंजिश में हत्या का लगाया आरोप

मृतक के पिता मनटुन सहनी और मां माला देवी का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से उनका पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में उनके बेटे की गला दबाकर हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया. हालांकि, इस आरोप की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार जांच जारी

परिजनों के अनुसार, घटना के समय माला देवी अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेत की ओर गई थीं. लौटने के बाद वह अपनी ननद के पास बैठ गईं, जबकि दोनों बच्चे घर चले गए. कुछ देर बाद बेटी माही ने यश के पंखे से लटके होने की जानकारी दी.

परिजन बच्चे को तुरंत नीचे उतारकर एक निजी चिकित्सक के पास ले गए. वहां से उसे तुर्की स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर सरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने पर मामले में नियमानुसार जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मृतक के पिता मनटुन सहनी मूल रूप से तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन मनरिया गांव के रहने वाले हैं. वह वर्तमान में अपनी दूसरी पत्नी माला देवी और बच्चों के साथ बहिलवारा रूपनाथ माली टोला में अपनी बहन के घर के पास बने मकान में रहते हैं. यश राज के निधन के बाद परिवार में उसकी आठ वर्षीय बहन माही कुमारी ही बची है.


विज्ञापन
शिवेंद्र कुमार

लेखक के बारे में

By शिवेंद्र कुमार

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव. क्राइम, धर्म, पुरातत्व और राजनीति से जुड़ी ख़बरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन