क्रिकेट खेल रहे आठवीं के छात्र आर्यन को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

पारू थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 14 वर्षीय छात्र आर्यन कुमार की मौत हो गई. गेंद निकालने के लिए झाड़ी में जाने पर उसे जहरीले सांप ने डस लिया था, जिसकी वजह से उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.

विज्ञापन

Paroo News: पारू थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान सांप के डसने से आठवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र आर्यन कुमार की मौत हो गयी. रविवार को दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते समय गेंद झाड़ी में चली गयी थी. गेंद निकालने के दौरान विषैले सांप ने उसके पैर में डस लिया. सर्पदंश का पता नहीं चलने के कारण वह कुछ देर तक दोस्तों के साथ खेलता रहा. बाद में पैर काला पड़ने और चलने में लड़खड़ाने पर परिजनों को घटना की जानकारी दी.

गेंद लेने झाड़ी में गया, सांप ने पैर में डसा

मृतक आर्यन कुमार ग्यासपुर गांव निवासी रितेश सिंह का पुत्र था. बताया गया कि रविवार को वह गांव के स्कूल के समीप दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था. इसी दौरान खेलते-खेलते गेंद झाड़ी में चली गयी.

आर्यन गेंद निकालने के लिए झाड़ी में गया. इसी दौरान विषैले सांप ने उसके पैर में डस लिया. हालांकि, उसे तत्काल यह पता नहीं चला कि सांप ने डसा है. उसे लगा कि पैर में कोई चीज चुभ गयी है. इसके बाद भी वह कुछ देर तक दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलता रहा.

पैर काला पड़ने लगा तो परिजनों को बताया

कुछ देर बाद आर्यन का पैर काला पड़ने लगा और वह चलने में लड़खड़ाने लगा. इसके बाद उसने परिजनों को पैर में सांप के डसने की जानकारी दी.

सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अंबारा ले गये. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शहर के प्रभात तारा अस्पताल में भर्ती कराया गया.

हालत गंभीर होने पर एसकेएमसीएच रेफर

प्रभात तारा अस्पताल में उपचार के बावजूद आर्यन की हालत गंभीर बनी रही. इसके बाद चिकित्सकों ने सोमवार को उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया. एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था आर्यन

20 सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष सह ग्रामीण रामेश्वर राम एवं समाजसेवी कृष्ण प्रताप सिंह मुन्ना ने बताया कि आर्यन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

घटना की जानकारी मिलते ही ग्यासपुर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गयी. ग्रामीणों ने छात्र की मौत पर गहरा दुख जताया.

यह भी पढ़ें

बोचहां में जीविका समूह की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 20 अगस्त तक दावा-आपत्ति


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन