Muzaffarpur News: औराई में दबंगई: जन वितरण प्रणाली विक्रेता की बुलेट फूंकी, विरोध करने पर भाई की गाड़ी लूटी

बुलेट फूंकी, विरोध करने पर भाई की गाड़ी लूटी
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के औराई में एक सनकी युवक ने बुलेट बाइक जला दी और भागते समय दूसरी बाइक छीन ली. इस दुस्साहसिक वारदात से कोकिलवारा गांव में हड़कंप मच गया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है...
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित राजखंड दक्षिण पंचायत के कोकिलवारा गांव में एक सनकी युवक ने जमकर उत्पात मचाया. युवक ने न सिर्फ एक कीमती बुलेट बाइक को आग के हवाले कर दिया, बल्कि भागने के दौरान एक अन्य व्यक्ति से बाइक भी छीन ली. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है.
दरवाजे से बाइक उठाकर ले गया और लगा दी आग
पीड़ित आनंद किशोर पासवान ने बताया कि गांव का ही एक सनकी युवक उनके दरवाजे पर आया और अचानक बाइक उठाकर भागने लगा. जब घर के लोग शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़े, तो राजखंड अलबेला चौक पर पहुंचकर युवक ने बुलेट में माचिस मार दी. देखते ही देखते बुलेट धू-धू कर जलने लगी. बाइक को राख करने के बाद आरोपी सैदपुर की तरफ भाग निकला.
भाई से दूसरी बाइक भी छीनी
वारदात यहीं नहीं रुकी. पीड़ित के पिता सुरेश पासवान ने बताया कि जब आरोपी सैदपुर की तरफ भाग रहा था, तभी रास्ते में उनका दूसरा बेटा चंदरकिशोर कुमार डिस्कवर बाइक से घर लौट रहा था. सनकी युवक ने उसे रोककर डराया-धमकाया और उसकी बाइक छीनकर फरार हो गया.
जन वितरण प्रणाली के विक्रेता के परिवार को बनाया निशाना
बता दें कि सुरेश पासवान पंचायत के जन वितरण प्रणाली के विक्रेता हैं और उनकी पुत्रवधू रानी कुमारी पंचायत की पूर्व मुखिया रह चुकी हैं. घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. थानाध्यक्ष हेमलता कुमारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र से फिरोज अख्तर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










