मुजफ्फरपुर के वासिफ का बॉलीवुड में जलवा, आवारापन-2 के 'तुम्हारे लिए' को किया कंपोज, श्रेया घोषाल ने दी आवाज
AI Generated Image
मुजफ्फरपुर के युवा संगीतकार वासिफ अहमद ने फिल्म 'आवारापन 2' के गाने 'तुम्हारे लिए' से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई है. यूट्यूब से सीखा संगीत, हिमेश रेशमिया से मिला ब्रेक. यह उनकी मेहनत का फल है.
Muzaffarpur News: मशहूर फिल्म निर्माता मुकेश भट्ट की चर्चित फिल्म 'आवारापन 2' के गाने 'तुम्हारे लिए' से मुजफ्फरपुर शहर के युवा संगीतकार वासिफ अहमद सुर्खियों में आ गए हैं. मुंबई मायानगरी में करीब छह वर्षों के अथक संघर्ष के बाद वासिफ को यह बड़ी सफलता हासिल हुई है. वासिफ द्वारा कंपोज किए गए इस मधुर गीत को देश की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका श्रेया घोषाल ने अपनी खूबसूरत आवाज दी है.
यूट्यूब से पियानो और गिटार बजाना सीख शुरू किया सफर
शहर के मिठनपुरा इलाके के रहने वाले वासिफ अहमद ने अपनी इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई शहर के ही एक निजी स्कूल से पूरी की थी.
बचपन से ही संगीत के प्रति गहरा लगाव होने के कारण उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से पियानो और गिटार बजाना सीखा. वाद्य-यंत्रों पर महारत हासिल करने के साथ-साथ वे नियमित रूप से गायन का रियाज भी करते रहे.
हिमेश रेशमिया के शो में टॉप-7 में रहे, मिला बड़ा ब्रेक
वासिफ के करियर में पहला बड़ा मोड़ वर्ष 2020 में आया जब वे बिग एफएम पर प्रसारित होने वाले हिमेश रेशमिया के प्रतिष्ठित म्यूजिक शो में टॉप-7 प्रतिभागियों में शामिल हुए.
इसके बाद उन्हें मशहूर संगीतकार हिमेश रेशमिया और गीतकार कुणाल वर्मा के साथ काम करने का अवसर मिला. यहां काम करते हुए उनके संगीत कौशल में और निखार आया, जिसके दम पर उन्हें मुकेश भट्ट की फिल्म 'आवारापन 2' में संगीत कंपोज करने का शानदार मौका मिला.
परिवार में नहीं था संगीत का माहौल, माता-पिता ने दिया हौसला
वासिफ अहमद ने बताया कि उनके पिता सैयद सबाउद्दीन एक शिक्षक हैं और माता शबाना परवीन गृहिणी हैं.
परिवार में पहले से संगीत की कोई पृष्ठभूमि नहीं थी, लेकिन उनकी गहरी रुचि और लगन को देखकर माता-पिता ने उनका पूरा समर्थन किया. वासिफ ने कहा कि मुंबई जाने के बाद शुरुआती दौर काफी चुनौतियों और संघर्षों से भरा रहा, लेकिन 'आवारापन 2' की सफलता ने उनके करियर को एक नया मुकाम दे दिया है.
साल के अंत तक रिलीज होंगी कई अन्य बड़ी फिल्में
वासिफ ने बताया कि आवारापन-2 के बाद उनके पास कई अन्य बड़े बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स हैं.
वे वर्तमान में कई आगामी फिल्मों में बतौर म्यूजिक कंपोजर संगीत तैयार कर रहे हैं. ये तमाम फिल्में इसी वर्ष के अंत तक रिलीज होने वाली हैं, जिससे उनकी पहचान और मजबूत होगी.
यह भी पढ़ें: कांटी सुधा डेयरी के दूषित जल पर प्रमंडलीय आयुक्त सख्त, समाधान के लिए बनाईं दो उच्चस्तरीय कमेटियां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विनय कुमार
पिछले दो दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय. कला-संस्कृति, बाजार, लाइफस्टाइल और सामाजिक सरोकारों पर केंद्रित रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं. तथ्यों की शुद्धता, निष्पक्षता और खोजी पत्रकारिता इनकी लेखनी की मुख्य पहचान है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









