Muzaffarpur: भतीजी की शादी में गई महिला की सड़क हादसे में मौत

प्रतीकात्मक तस्वीर
भतीजी की शादी में शामिल होने गई महिला की सड़क हादसे में मौत के बाद शादी का घर मातम में बदल गया. कुछ देर पहले जहां शहनाई बज रही थी, वहां अब चीख-पुकार और रोने की आवाजें गूंज रही हैं. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
Muzaffarpur News: मीनापुर थाना क्षेत्र के रामपुर हरि थाना अंतर्गत मोहनपुर गांव की रहने वाली एक महिला की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
मृतका की पहचान धर्मपुर पंचायत के मोहनपुर गांव निवासी महेश पासवान की पत्नी सीता देवी (50) के रूप में हुई है. वह अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए शिवहर जिले के तरीयानी थाना क्षेत्र स्थित औरा सोनबर्षा गांव गई थीं.
डेरा जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे महिला अपने पिता के घर से डेरा की ओर जा रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें रौंद दिया. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद चालक ऑटो लेकर फरार हो गया. हालांकि स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान कर ली है.
शादी का माहौल मातम में बदला
हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई. जहां कुछ देर पहले शहनाई बज रही थी, वहां अचानक मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया जा रहा है कि मृतका के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं और सभी की शादी हो चुकी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
तरीयानी थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर गांव में भी शोक का माहौल है.
मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










