2 लाख दो वरना 'फेसबुक पर लाइव' कर देंगे अश्लील वीडियो, डिजिटल ब्लैकमेलिंग का शिकार बने अधेड़

2 लाख दो वरना 'फेसबुक पर लाइव' कर देंगे अश्लील वीडियो, डिजिटल ब्लैकमेलिंग का शिकार बने अधेड़
एक अनजान वीडियो कॉल ने एक अधेड़ व्यक्ति को ₹2 लाख से अधिक की चपत लगवा दी. साइबर अपराधियों ने अश्लील स्क्रीन रिकॉर्डिंग से ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठे. पीड़ित ने अब साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
Sextortion Cyber Fraud: साइबर अपराधियों ने क्राइम का ऐसा घिनौना और खौफनाक जाल बिछाया कि एक पल की लापरवाही अधेड़ के लिए बड़ी मुसीबत बन गई. एक अनजान वीडियो कॉल, कुछ सेकेंड की अश्लील स्क्रीन रिकॉर्डिंग और फिर शुरू हुआ डिजिटल ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल! सरैया थाना क्षेत्र के पीड़ित को साइबर अपराधियों ने इस तरह डराया कि उन्होंने इज्जत बचाने की खातिर नौ बार में ₹2,00,218 लुटा दिए. वीडियो फेसबुक पर अपलोड होते ही पीड़ित के पांव तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
वीडियो कॉल आते ही बिछाया जाल
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 19 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे की है. पीड़ित को एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई. कॉल रिसीव करते ही दूसरी तरफ से अश्लील हरकतें की जाने लगीं. पीड़ित ने तुरंत कॉल काटा, लेकिन तब तक ठगों ने स्क्रीनशॉट ले लिया और चेहरे को अश्लील वीडियो के साथ एडिट कर फर्जी वीडियो तैयार कर लिया.
फेसबुक पर डाला वीडियो, दी बदनामी की धमकी
अगली सुबह अपराधियों ने वह फर्जी वीडियो पीड़ित के फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया. इसके बाद फोन कर धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो रिश्तेदारों को भेजने के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा.
- लोक-लाज का डर: समाज में बदनामी के डर से पीड़ित बुरी तरह घबरा गए.
- 9 बार में ट्रांसफर किए रुपये: धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने 9 बार में कुल ₹2,00,218 आरोपियों के यूपीआई खातों में ट्रांसफर कर दिए.
- मांग जारी रहने पर हुआ अहसास: पैसे देने के बाद भी जब मांग जारी रही, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ.
1930 पर शिकायत के बाद पुलिस जांच तेज
पीड़ित ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत के बाद साइबर थाने में आवेदन दिया. डीएसपी सह थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार के निर्देशन में केस दर्ज कर पुलिस अधिकारी शहूद अख्तर अंसारी को अनुसंधानकर्ता बनाया गया है.
ये भी पढ़ें: बेखौफ लुटेरों का तांडव: 15 मिनट में गैस कटर से काटा HDFC का ATM, ₹3.77 लाख कैश लेकर फरार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










