Muzaffarpur News: सिकंदरपुर स्टेडियम में सजेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, ट्रैफिक चालान में मिलेगी 50% तक की भारी छूट

Published at :06 May 2026 1:21 PM (IST)
विज्ञापन
Muzaffarpur News:सिकंदरपुर स्टेडियम में सजेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, ट्रैफिक चालान में मिलेगी 50% तक की भारी छूट

ट्रैफिक चालान में मिलेगी 50% तक की भारी छूट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर स्टेडियम में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी. इसमें 17 तरह के ट्रैफिक चालान पर 50% तक की छूट मिलेगी. वाहन मालिक प्रिंट आउट और नकद पैसे लेकर अपना जुर्माना भर सकते हैं...

विज्ञापन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के वाहन मालिकों के लिए राहत भरी खबर है. आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान के भारी-भरकम बोझ को कम करने का सुनहरा मौका है. परिवहन विभाग की विशेष पहल ‘एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना, 2026’ के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़ी 17 विभिन्न धाराओं में शमन राशि पर 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई है. इस बार ट्रैफिक और परिवहन चालानों के निपटारे के लिए सिकंदरपुर स्टेडियम में विशेष अदालत लगाई जाएगी.

नकद लेकर आएं, ऑनलाइन पेमेंट के भरोसे न रहें

परिवहन विभाग और जिला प्रशासन ने वाहन मालिकों से विशेष अपील की है कि वे लोक अदालत में अपने लंबित ई-चालान का डिटेल प्रिंट आउट और नकद राशि लेकर आएं. अधिकारियों का कहना है कि पूरे देश में एक साथ लोक अदालत होने के कारण बैंकिंग सर्वर पर अत्यधिक लोड रहता है. ऐसे में ऑनलाइन पेमेंट फेल होने की स्थिति में आपको असुविधा हो सकती है. डीटीओ कुमार सत्येंद्र यादव ने बताया कि ट्रैफिक और परिवहन के चालान के लिए अलग-अलग काउंटर होंगे ताकि लोगों को परेशानी न हो.

इन चालानों पर ही मिलेगी सुनवाई की पात्रता

लोक अदालत में केवल उन्हीं चालानों पर सुनवाई होगी जो दिसंबर 2025 तक कटे हुए हैं. स्पष्ट किया गया है कि 31 मार्च 2026 से पूर्व के 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालानों को ही इसमें शामिल किया जाएगा. इसका अर्थ यह है कि वर्ष 2026 में कटे हुए नए चालानों की सुनवाई इस लोक अदालत में नहीं होगी. अधिकारी लगातार स्टेडियम का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि व्यवस्था सुचारू रहे.

इन 17 धाराओं में मिलेगी बड़ी राहत

लोक अदालत में जिन प्रमुख धाराओं में जुर्माने की राशि आधी की गई है, उनमें बिना लाइसेंस वाहन चलाना (5000 की जगह 2500), तेज गति (एलएमवी के लिए 2000 की जगह 1000), बिना सीट बेल्ट (1000 की जगह 500), ट्रिपल राइडिंग (1000 की जगह 500) और बिना हेलमेट (1000 की जगह 500) शामिल हैं. इसके अलावा प्रदूषण (PUC) उल्लंघन और रेड लाइट जंप करने जैसे मामलों में भी वाहन श्रेणी के अनुसार भारी रियायत दी गई है.

20 गंभीर धाराओं में कोई छूट नहीं

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 20 ऐसी धाराएं हैं जिनमें कोई छूट नहीं दी जाएगी. इनमें शराब पीकर गाड़ी चलाना, ओवरलोडिंग, बिना वैध परमिट के वाहन चलाना, नाबालिग द्वारा वाहन चलाना और गलत तरीके से ओवरटेक करना शामिल है. इन गंभीर अपराधों के लिए कानून के अनुसार निर्धारित पूरी शमन राशि का ही भुगतान करना होगा.

मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन