संदिग्ध हालात में लीची के पेड़ से लटका मिला दो बच्चों के पिता का शव, हत्या की आशंका
युवक का शव मिलने के बाद जुटे स्थानीय लोग
Muzaffarpur News: कांटी थाना क्षेत्र के लीची बागान में 34 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पड़ोसियों पर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: कांटी थाना क्षेत्र के साइन पंचायत स्थित एक लीची बागान में शनिवार को पेड़ से लटका युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान खजुरी गांव निवासी संजीत महतो (34) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पड़ोस के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
लीची बागान में पेड़ से लटका मिला शव
स्थानीय लोगों के अनुसार लीची बागान में गए लोगों ने एक युवक को पेड़ से लटका देखा. इसके बाद इलाके में शोर मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
घटना की सूचना डायल 112 और कांटी थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पत्नी ने हत्या की आशंका जताई
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.
परिजनों के अनुसार संजीत महतो शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकले थे. उन्होंने पत्नी से राशन लेने की बात कही थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उनका शव बरामद हुआ.
परिवार का था एकमात्र कमाने वाला सदस्य
ग्रामीणों ने बताया कि संजीत महतो पेशे से ड्राइवर थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे.
उनके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे और वृद्ध पिता हैं. अचानक हुई मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
यह भी पढ़ें: चलती बिजली विभाग की गाड़ी में लगी आग, एसडीओ और जेई बाल-बाल बचे
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से साक्ष्य एकत्र किए.
पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है.
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा दिए जाने वाले आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: राजस्व कर्मचारी को धमकी देने पहुंचे चार लोग गिरफ्तार, हथियार और वाहन जब्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










