गंडक नदी का पानी बढ़ने से पारू में बाढ़, 300 परिवारों के घिरे घर और टूटा संपर्क

Updated:
विज्ञापन

गंडक नदी का पानी बढ़ने से पारू में बाढ़

नेपाल में लगातार हो रही बारिश से गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. पारू प्रखंड के चक्की सोहागपुर गांव में बाढ़ का पानी घुसने से 300 परिवार घिर गए हैं. आवागमन ठप होने से भोजन का गंभीर संकट पैदा हो गया है.

विज्ञापन

Gandak River Water Level: नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया है. नदी का पानी उफनकर पारू प्रखंड की चक्की सोहागपुर पंचायत के चक्की सोहागपुर गांव में घुस गया, जिससे गांव का मुख्य सड़क संपर्क पूरी तरह भंग हो गया है. गांव के लोगों के आने-जाने के सभी रास्ते बंद हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों के सामने आवागमन के साथ-साथ जरूरी सामान की उपलब्धता की भी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.

300 परिवार पानी से घिरे, भोजन का संकट

चक्की सोहागपुर पंचायत के मुखिया चंदन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पंचायत में कुल करीब 600 परिवार निवास करते हैं, जिनमें से लगभग 300 परिवार पूरी तरह पानी से घिर चुके हैं. इन प्रभावित परिवारों के आवागमन के सभी मार्ग बंद हो चुके हैं.मुख्य बाजार तक पहुंच समाप्त होने के कारण लोग जरूरी खाद्य सामग्री की खरीदारी नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते अब उनके सामने भोजन का संकट गहराने लगा है. मुखिया ने आशंका जताई है कि जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए शनिवार रात तक इन 300 परिवारों के घरों के अंदर तक पानी घुस सकता है. उन्होंने कहा कि गांव के पूरी तरह जलमग्न होने की स्थिति में ग्रामीणों की सुविधा के लिए नाव और सामुदायिक भोजन की व्यवस्था अपने स्तर से करने का प्रयास किया जा रहा है.

अन्य पंचायतों में भी बढ़ा जलस्तर

गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर का असर केवल चक्की सोहागपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि पारू प्रखंड की बैजलपुर और उस्ती पंचायत के कई अन्य गांवों में भी बाढ़ का पानी सड़कों पर चढ़ने लगा है. इससे इन इलाकों का भी जनजीवन और आवागमन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है. नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी से तटीय इलाकों के ग्रामीणों की धड़कनें तेज हो गई हैं और लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से डॉक्टर और लैब टेक्नीशियन की मौत


विज्ञापन
शिवेंद्र कुमार

लेखक के बारे में

By शिवेंद्र कुमार

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव. क्राइम, धर्म, पुरातत्व और राजनीति से जुड़ी ख़बरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन