मुजफ्फरपुर: बिजली विभाग की चलती गाड़ी में लगी आग: ग्रामीणों ने शोर मचाकर रुकवाई कार, SDO और दो JE बाल-बाल बचे

Edited by SUMIT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

बिजली विभाग की चलती सरकारी गाड़ी में अचानक आग लग(AI IMAGE)

Car Catches Fire in Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के बंदरा में बिजली विभाग की चलती सरकारी गाड़ी में अचानक आग लग गई. स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाकर गाड़ी रुकवाई, जिससे SDO, दो JE और एक कर्मी की जान बाल-बाल बच गई.जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

Car Catches Fire in Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत हरपुर स्कूल के नजदीक बुधवार की देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया.यहाँ बिजली विभाग की एक चलती गाड़ी (महिंद्रा जाइलो की सरकारी गाड़ी) में अचानक भीषण आग लग गई.गाड़ी से धुआं और लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. स्थानीय ग्रामीणों की सक्रियता और सूझबूझ से समय रहते गाड़ी को रुकवाया गया, जिससे उसमें सवार बिजली विभाग के एक एसडीओ (SDO), दो जेई (JE) और एक मानव बल बाल-बाल बच गए.

गिरे हुए बिजली के तार का मुआयना करने जा रहे थे अधिकारी

जानकारी के अनुसार, बंदरा-ढोली के सहायक विद्युत अभियंता (SDO) पंकज देशमुख, ढोली के कनीय विद्युत अभियंता (JE)विक्रांत कुमार, बंदरा के कनीय विद्युत अभियंता (JE) अभिषेक रंजन और मानव बल अनमोल कुमार अपनी सरकारी गाड़ी से पिलखी पुल चौक से बड़गांव की ओर जा रहे थे. अधिकारी क्षेत्र में बिजली का एक गिरा हुआ तार देखने के लिए निकले थे. इसी बीच हरपुर स्कूल के समीप गाड़ी के निचले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे अधिकारी पूरी तरह अनजान थे.

ग्रामीणों ने शोर मचाकर रुकवाई गाड़ी, चलती कार से कूदकर बची जान

सड़क किनारे खड़े लोगों ने जब चलती गाड़ी में आग लगी देखी, तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. ग्रामीणों के लगातार चिल्लाने पर चालक ने तुरंत हरपुर चौक के पास गाड़ीरोकी. खतरा भांपते ही गाड़ी में बैठे तीनों अधिकारी और कर्मी आनन-फानन में नीचे उतरे. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई.

स्थानीय युवाओं ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

गाड़ी रुकते ही स्थानीय लोग और युवा तुरंत राहत कार्य में जुट गए. ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी और बालू डालकर गाड़ी में लगी आग को बुझाना शुरू किया. इस साहसिक कार्य में शिवेश चौधरी, टुनटुन चौधरी, कौशल पटेल, दीपक चौधरी, विक्रम कुमार और प्रेम कुमार चौधरी समेत अन्य स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. अधिकारियों ने अपनी जान बचाने और तत्परता दिखाने के लिए सभी स्थानीय ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया है. शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन