मुजफ्फरपुर में शौच के बहाने हथकड़ी सरकाकर भागा बदमाश गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद
मुजफ्फरपुर पुलिस ने शौच का बहाना बनाकर फरार हुए कुख्यात बदमाश मुकेश कुमार को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है. उसकी गिरफ्तारी के समय पुलिस को उसके पास से एक देशी पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ है. यह गिरफ्तारी एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम की सफलता है.
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले की मीनापुर थाना पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए कुख्यात अभियुक्त मुकेश कुमार को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, कारतूस, खोखा, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है.
1 अगस्त को हथियार के साथ हुआ था गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की शाम गुप्त सूचना के आधार पर मीनापुर थाना क्षेत्र के गंजबाजार-फरीदपुर पट्टी रोड में छापेमारी कर मुकेश कुमार को अवैध हथियार, कारतूस, खोखा और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया था. प्रारंभिक जांच में उसके द्वारा एक व्यक्ति पर फायरिंग करने की बात भी सामने आई थी, जिसके बाद मीनापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.
शौच का बहाना बनाकर पुलिस हिरासत से हुआ था फरार
गिरफ्तारी के अगले दिन 2 अगस्त को आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया और हथकड़ी सरकाकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. इस मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई.
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. नगर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-01) के नेतृत्व में मीनापुर थाना पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी से बरामद सामान
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, एक कारतूस, एक खोखा, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए