मुजफ्फरपुर: अगले दो दिनों में 41 डिग्री पहुंचेगा पारा, अस्पतालों में 24 घंटे तैनात रहेंगे डॉक्टर

प्रतीकात्मक तस्वीर
Muzaffarpur News: बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीटवेव एक्शन प्लान जारी किया है. अस्पतालों में 10 बेड का विशेष वार्ड, 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती और एसी एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ अलर्ट जारी किया गया है. पढ़ें पूरी खबर…
Muzaffarpur News: जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच लू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है. इससे निपटने के लिए जिला स्तर पर ‘हीटवेव एक्शन प्लान’ लागू कर दिया गया है. सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने सदर अस्पताल के अधीक्षक और सभी पीएचसी प्रभारियों को इस प्लान के तहत मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में पीड़ितों की संख्या नहीं बढ़नी चाहिए. इसके लिए लोगों को जागरूक करने और अस्पतालों में इलाज की पुख्ता व्यवस्था रखने के आदेश दिए गए हैं.
अस्पतालों में 24 घंटे ऑन-कॉल रहेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
हीटवेव एक्शन प्लान के तहत गंभीर मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में विशेष तैयारियां की गई हैं. आपातकालीन मरीजों के लिए 24 घंटे ऑन-कॉल विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है. अस्पतालों में 10 बेड का डेडिकेटेड वार्ड तैयार किया गया है. सभी एंबुलेंस में एयर कंडीशनर (AC) और ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. इसके साथ ही मरीजों के लिए ओआरएस, आईवी फ्लूइड्स और एंटी-डायरिया दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है.
41 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, मौसम विभाग की चेतावनी
शनिवार को मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है.
मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










