मुजफ्फरपुर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय को मिला बेस्ट ग्रुप गवर्नर बैनर, एडीजी ने की सराहना
मुजफ्फरपुर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय ने 'बेस्ट ग्रुप - इंटर ग्रुप गवर्नर्स बैनर अवार्ड' जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. एडीजी मेजर जनरल रविन्द्र सिंह ने कैडेट्स के प्रशिक्षण और अग्निवीर चयन में सफलता की सराहना की. इटली में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले कैडेट एहतेशाम को विशेष सम्मान मिला.
Muzaffarpur Ncc Group: एनसीसी निदेशालय, बिहार एवं झारखंड के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) मेजर जनरल रविन्द्र सिंह ने गुरुवार को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय मुजफ्फरपुर का दौरा किया. मुख्यालय पहुंचने पर ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद एडीजी के समक्ष ग्रुप मुख्यालय की प्रशासनिक, प्रशिक्षण और परिचालन गतिविधियों पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया, जिसमें उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
अग्निवीर चयन में मुजफ्फरपुर ग्रुप ने मारी बाजी
निरीक्षण के दौरान एडीजी मेजर जनरल रविन्द्र सिंह ने अधिकारियों, पीआई स्टाफ, एएनओ और कैडेटों के साथ सीधा संवाद किया. उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की भूमिका पर जोर दिया. अपने संबोधन में उन्होंने मुजफ्फरपुर ग्रुप मुख्यालय को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित "बेस्ट ग्रुप - इंटर ग्रुप गवर्नर्स बैनर अवार्ड" मिलने पर बधाई दी. उन्होंने विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि बिहार एवं झारखंड निदेशालय में सर्वाधिक अग्निवीरों का चयन मुजफ्फरपुर ग्रुप के कैडेटों का हुआ है, जो यहां के उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमाण है.

इटली में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे कैडेट एहतेशाम
इस दौरान कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कैडेट एम. डी. एहतेशाम रिजवी का विशेष सम्मान समारोह रहा. एडीजी ने उन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस बड़ी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया. आपको बता दें कि कैडेट एहतेशाम का चयन इंटरनेशनल अर्थ साइंस ओलंपियाड-2026 के लिए पूरे भारत से चुने गए मात्र चार विद्यार्थियों में हुआ है. वह बिहार से एकमात्र चयनित प्रतिभागी हैं, जो इटली के टूरिन में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
गणमान्य अधिकारी और कैडेट रहे मौजूद
इस गरिमामयी कार्यक्रम में डिप्टी ग्रुप कमांडर कर्नल तेजिंदरपाल शर्मा समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, सूबेदार मेजर रणजीत सिंह, पीआई स्टाफ और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे. अंत में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा ने एडीजी का आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें.... सोशल मीडिया पर लाइक्स का जानलेवा डोपामाइन, जानिए उत्तर बिहार में रील से मौतों का पूरा भयानक सच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










