Muzaffarpur Murder Case: चिकन दुकानदार हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिस टीम
मुजफ्फरपुर में चिकन शॉप संचालक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. अवैध संबंध और पैसों के विवाद में पहले पार्टी हुई, फिर तार से गला घोंटकर हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया. सात दिनों की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र में चिकन शॉप संचालक मो. नौशाद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध और पैसे के लेन-देन के विवाद में तार से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी.
इस मामले में डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने सात दिनों के भीतर मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
30 अप्रैल को नहर में मिला था शव
जानकारी के अनुसार, पियर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा गांव स्थित नूनफरा इलाके में 30 अप्रैल को मो. नौशाद (46) का शव नहर से बरामद हुआ था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के अनुश्रवण में एसआईटी का गठन किया गया था.
अवैध संबंध और पैसों का विवाद
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मृतक मो. नौशाद मूल रूप से महुआ थाना क्षेत्र के रसूलपुर फतेह गांव का निवासी था. शादी के बाद वह पियर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा स्थित अपने ससुराल में रह रहा था.
पुलिस जांच में पता चला कि नौशाद ने अपना घर गोविंदपुर छपरा निवासी मो. सिराज को बेचा था. इसे लेकर दोनों के बीच पैसों का विवाद चल रहा था. साथ ही आरोपी की पत्नी से नौशाद के कथित अवैध संबंध को लेकर भी तनाव था.
इसी विवाद के कारण मो. सिराज ने हत्या की साजिश रची थी.
पहले पार्टी, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन मो. सिराज ने नौशाद को बुलाया था. वहां पहले से आरोपी मो. अशरफ और मो. शाहबुद्दीन भी मौजूद थे. चारों ने मिलकर पार्टी की.
इसके बाद तार से गला कसकर मो. नौशाद की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और कुछ दूरी पर उसकी बाइक खड़ी कर आरोपी फरार हो गए.
हत्या में इस्तेमाल तार बरामद
पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. सिराज के साथ मो. अशरफ और मो. शाहबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल तार भी बरामद कर लिया गया है. इसके अलावा मोबाइल बातचीत से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे हैं.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










