सुजावलपुर बनी पहली डे-नाइट टर्फ फुटबॉल चैंपियन, फाइनल में एनसी बरदह को 2-0 से हराया

Updated:
विज्ञापन

फोटो- विजेता टीम | Prabhat Khabar Network

मुंगेर में आयोजित डे-नाइट टर्फ फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में सुजावलपुर ने एनसी बरदह को 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। डीएम ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।

विज्ञापन

Munger Turf Football Championship: मुंगेर. मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से पोलो मैदान स्थित नवनिर्मित टर्फ फुटबॉल मैदान पर आयोजित तीन दिवसीय मुंगेर जिला डे-नाइट टर्फ फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल गुरुवार रात खेला गया. फाइनल मुकाबले में सुजावलपुर की टीम ने एनसी बरदह को 2-0 से पराजित कर पहला खिताब अपने नाम किया.

डीएम ने खिलाड़ियों से किया परिचय

फाइनल मुकाबला शुरू होने से पहले जिलाधिकारी निखिल धनराज मैदान पहुंचे और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया. इसके बाद मैच का शुभारंभ हुआ.

सुजावलपुर ने शुरू से बनाई बढ़त

मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन शुरुआती दौर में सुजावलपुर के खिलाड़ियों ने शानदार गोल दागकर 1-0 की बढ़त बना ली. मध्यांतर के बाद भी सुजावलपुर ने खेल पर अपना नियंत्रण बनाए रखा. बेहतरीन तालमेल और छोटे-छोटे पास के जरिए टीम ने दूसरा गोल कर बढ़त 2-0 कर दी. निर्धारित समय तक यही स्कोर बना रहा और सुजावलपुर विजेता घोषित हुई.

19 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

तीन दिवसीय इस चैंपियनशिप में जिला फुटबॉल लीग की 19 पंजीकृत टीमों ने भाग लिया. प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.

विजेता और उपविजेता टीम को मिला पुरस्कार

समापन समारोह में जिलाधिकारी निखिल धनराज ने विजेता सुजावलपुर टीम को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की. उपविजेता एनसी बरदह टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. वहीं फाइनल के बेस्ट-22 पुरस्कार से भी सुजावलपुर टीम को सम्मानित किया गया. इसके तहत टीम को पांच हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई.

रेफरियों का भी हुआ सम्मान

Munger Turf Football Championship: जिलाधिकारी ने कहा कि टर्फ मैदान पर खेलने से खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, गति और खेल कौशल में और निखार आएगा. कार्यक्रम में मुंगेर फुटबॉल संघ के सचिव भावेश कुमार सिंह उर्फ बंटी, जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर, संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार अरुण सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. रेफरी अजय यादव, मो. सलाम, मनीष कुमार, जूली कुमारी और अपर्णा कुमारी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पांच-पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गयी.

ये भी पढ़ें: छोटे भाई की हत्या में बड़े भाई और भाभी को उम्रकैद, संपत्ति विवाद में 2024 में हुई थी गोली मारकर हत्या


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन