मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुंगेर दौरे पर, डिग्री कॉलेज, मॉडल विद्यालय और नए थाना भवन की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी | Prabhat Khabar Network
CM Visit Munger : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुंगेर के दौरे पर हैं. वे तारापुर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल विद्यालय, हरपुर में नवनिर्मित थाना भवन और असरगंज में डिग्री कॉलेज का लोकार्पण करेंगे. यह दौरा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा.
CM Visit Munger : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर दोपहर 1:00 बजे किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना परिसर स्थित नवनिर्मित हेलीपैड पर उतरेगा. यहां वे तारापुर विधानसभा क्षेत्र के मॉडल विद्यालय के रूप में चयनित उच्च विद्यालयों के समेकित उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस पहल से क्षेत्र में विद्यालयी शिक्षा के बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
हरपुर में नए थाना भवन का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री अपराह्न 2:30 बजे हरपुर पहुंचेंगे, जहां वे नवनिर्मित थाना भवन का उद्घाटन करेंगे. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन के शुरू होने से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
डिग्री कॉलेज में अध्ययन-अध्यापन का करेंगे शुभारंभ
दौरे के अगले चरण में मुख्यमंत्री अपराह्न 3:30 बजे असरगंज प्रखंड के जलालाबाद स्थित रामानंद एवं परसी-राम उच्च विद्यालय परिसर पहुंचेंगे. यहां वे डिग्री महाविद्यालय में अध्ययन-अध्यापन के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेंगे. इस कॉलेज के शुरू होने से तारापुर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और कार्यक्रम संचालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राणा गौरी शंकर
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










