कर्मचारी संघ व निगम प्रशासन के बीच वार्ता में नहीं बनी बात, अब 13 का इंतजार
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 11 Apr 2026 10:57 PM
निगम ने एनजीओ व दैनिक सफाईकर्मी के मानदेय में 40 रुपये वृद्धि का दिया आश्वासन
मुंगेर. मुंगेर नगर निगम के सफाईकर्मियों एवं कार्यालयकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर 13 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है. शनिवार को लगातार दूसरे दिन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों को वार्ता के बुलाया गया. लेकिन वार्ता में बात नहीं बन सकी और संघ के प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया कि सोमवार की सुबह सफाईकर्मियों व कार्यालयकर्मियों के साथ बैठक में जो निर्णय होगा, उसी के तहत अगला कदम उठाया जायेगा. बताया जाता है कि नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को पुन: कर्मचारी संघ की बैठक बुलायी. निगम प्रशासन की ओर से मेयर कुमकुम देवी, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता मुख्य रूप से थे. जबकि संघ के महाममंत्री ब्रह्मदेव महतो व अन्य शामिल थे. महामंत्री ने बताया कि एनजीओ सफाईकर्मी को 480 एवं दैनिक सफाईकर्मी को 500 रुपये प्रतिदिन के दर से मजदूरी दी जाती है. निगम प्रशासन ने इसमें 40 रुपये की वृद्धि का आश्वासन दिया. हमलोगों की मांग थी कि सातवां वेतनमान को सेवा पुस्तिका सत्यापन की प्रत्याशा में रखते हुए लागू किया जाये, लेकिन इस पर निगम प्रशासन ने इंकार कर दिया. जबकि एरियर भुगतान को लेकर भी स्पष्ट व ठोस आश्वासन नहीं मिला. उन्होंने कहा कि सोमवार की सुबह संघ की बैठक होगी और उसमें वार्ता में हुई बातों को रखा जायेगा. बैठक में लिये गये निर्णय पर हमलोग आगे बढ़ेंगे. वैसे हमलोगों ने 13 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










