मुंगेर में पोर्टल ठप होने से परीक्षा फॉर्म भरने में हंगामा, छात्रों ने मांगा डेट बढ़ाने का फैसला
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 21 May 2026 3:33 PM
Munger University
Munger University News: मुंगेर में विश्वविद्यालय के नए पोर्टल की तकनीकी खराबी ने हजारों छात्रों की परेशानी बढ़ा दी है. परीक्षा फॉर्म भरने पहुंचे छात्र घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन साइट काम नहीं करने से प्रक्रिया ठप हो गयी.
Munger University News: हवेली खड़गपुर/मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट. मुंगेर विश्वविद्यालय के नए ऑनलाइन पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं का असर अब परीक्षा प्रक्रिया पर भी दिखने लगा है. गुरुवार को हरी सिंह महाविद्यालय में स्नातक सेमेस्टर-3 और सेमेस्टर-5 के परीक्षा फॉर्म भरने पहुंचे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह से कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की लंबी कतार लगी रही, लेकिन साइट में तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा फॉर्म नहीं भरे जा सके. इससे छात्रों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गयी.
सुबह से कॉलेज में उमड़ी छात्रों की भीड़
परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज पहुंचे थे. कई विद्यार्थी दूरदराज के गांवों से भी पहुंचे थे, लेकिन पोर्टल काम नहीं करने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा.
कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को बताया कि विश्वविद्यालय के पोर्टल में तकनीकी दिक्कत आने के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया बाधित हो गयी है. इसके बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी.
पोर्टल समस्या से बढ़ी विद्यार्थियों की चिंता
छात्रों का कहना है कि हर बार परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान पोर्टल संबंधी परेशानी सामने आती है. कभी सर्वर डाउन रहता है तो कभी साइट खुलती ही नहीं है. ऐसे में तय समय सीमा के भीतर फॉर्म भरना मुश्किल हो जाता है.
विद्यार्थियों ने बताया कि पहले ही कर्मचारी हड़ताल और प्रशासनिक देरी के कारण शैक्षणिक सत्र प्रभावित चल रहा है. अब पोर्टल की तकनीकी समस्या ने परीक्षा प्रक्रिया को भी संकट में डाल दिया है.
तिथि विस्तार की उठी मांग
छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण यदि छात्र समय पर फॉर्म नहीं भर पाएंगे तो उन्हें विलंब शुल्क देना पड़ेगा, जो उचित नहीं है.
जानकारी के अनुसार स्नातक सेमेस्टर-3 के परीक्षा फॉर्म बिना विलंब शुल्क के 16 मई से 22 मई 2026 तक भरे जाने हैं. छात्रों ने मांग की है कि पोर्टल पूरी तरह ठीक होने तक तिथि आगे बढ़ायी जाये.
कॉलेज प्रशासन भी परेशान
महाविद्यालय कर्मियों का कहना है कि पोर्टल की समस्या के कारण कॉलेज स्तर पर भी काम प्रभावित हो रहा है. छात्र लगातार पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी खराबी दूर नहीं होने से कोई स्पष्ट जवाब देना मुश्किल हो रहा है.
Also Read: शिक्षक अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर सरकार पर भड़के तेजस्वी यादव, कहा- बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










